हनुमानगढ़। भिरानी थाना क्षेत्र के छानीबड़ी गांव में एक महिला की कृषि भूमि पर जबरन जोताई करने और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। भिरानी थाना पुलिस ने पीड़िता की रिपोर्ट पर दो नामजद आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, रोशनी (49) पत्नी प्रेमरतन निवासी छानीबड़ी ने अपने पति प्रेमरतन के साथ थाने में उपस्थित होकर रिपोर्ट दी। रिपोर्ट में बताया कि उसने चक नम्बर 3 सीएचएन स्थित खाता संख्या 89/8 में से 1.0454 हेक्टेयर कृषि भूमि 23 अप्रैल 2025 को धनसिंह से रजिस्टर्ड बैयनामे के जरिए खरीदी थी, जो वर्तमान में उसके नाम राजस्व रिकॉर्ड में दर्ज है और पिछले एक वर्ष से उसके कब्जे में है। प्रार्थीया के अनुसार, 30 अप्रैल को सूचना मिली कि उसकी कृषि भूमि में आरोपी राजविरेन्द्र पुत्र ओमप्रकाश एवं मदनलाल पुत्र ठण्डूराम निवासी छानीबड़ी ने ट्रैक्टर से जोताई कर दी। एक मई को संपर्क करने पर आरोपियों ने जोताई करना स्वीकार किया और खेत में आने पर उसे, उसके पति व परिवार को जान से मारने की धमकी दी। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर आरोपियों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। मामले की जांच एएसआई राजेन्द्र कुमार को सौंपी गई है। पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
