हनुमानगढ़। संत निरंकारी चैरीटेबल फाउंडेशन की ओर से शुक्रवार को जंक्शन स्थित संत निरंकारी सत्संग भवन में मानव एकता दिवस के मौके पर रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में नागरिकों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेकर रक्तदान किया। शिविर में कुल 192 यूनिट रक्त संग्रहित हुआ। शिविर के शुभारंभ मौके पर मुख्य अतिथि के रूप में विधायक गणेश राज बंसल ने शिरकत की। इस दौरान वक्ताओं ने रक्तदान के प्रति समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करने का आह्वान किया और लोगों को अधिक से अधिक रक्तदान के लिए प्रेरित किया। शिविर में रक्तदाताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित भी किया गया। मुख्य अतिथि विधायक गणेश राज बंसल ने संत निरंकारी मिशन के सेवा कार्यां की सराहना करते हुए कहा कि इस प्रकार के आयोजन समाज के लिए अत्यंत प्रेरणादायक होते हैं। उन्होंने कहा कि संत निरंकारी चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से समय-समय पर किए जाने वाले सेवा कार्य वास्तव में मानवता की मिसाल हैं। इस मौके पर चौथी बार रक्तदान करने वाली हनुमानगढ़ राजकीय मेडिकल कॉलेज में कार्यरत डॉ. विशाखा नागपाल ने कहा कि संत निरंकारी मिशन की ओर से हर वर्ष मानव एकता दिवस पर आयोजित किया जाने वाला रक्तदान शिविर एक सराहनीय पहल है। उन्होंने बताया कि कोई भी स्वस्थ व्यक्ति रक्तदान कर सकता है और हर तीन माह में रक्तदान संभव है। एक यूनिट रक्त तीन लोगों की जान बचा सकता है, वहीं रक्तदान करने से कई स्वास्थ्य लाभ भी मिलते हैं। उन्होंने यह भी बताया कि रक्तदाता छह माह के भीतर प्रशस्ति पत्र दिखाकर स्वयं या अपने परिजनों के लिए रक्त प्राप्त कर सकता है। निरंकारी मिशन के संयोजक देवराज छाबड़ा व सेवादार देवीलाल वर्मा ने बताया कि मिशन का उद्देश्य है कि रक्त किसी जरूरतमंद की नसों में बहे और किसी को जीवनदान मिले, न कि यह नालियों में व्यर्थ जाए। यह संदेश उनके सतगुरु बाबा हरदेव सिंह की ओर से दिया गया, जिसे मिशन के अनुयायी आगे बढ़ा रहे हैं। उन्होंने बताया कि मानव एकता दिवस के मौके पर देशभर के विभिन्न प्रांतों और शाखाओं में रक्तदान शिविर आयोजित किए जाते हैं। मिशन का मुख्य ध्येय मानव को मानव से जोड़ना और समाज में सेवा भाव को बढ़ावा देना है। इसके तहत समय-समय पर रक्तदान शिविर, वृक्षारोपण, स्वच्छता अभियान जैसे कई सामाजिक कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं।
