टिब्बी। बहुजन समाज पार्टी के तत्वाधान में गुरुवार को टिब्बी के स्थानीय बसपा कार्यकर्ताओं ने पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश की चार बार मुख्यमंत्री रहीं बहन कुमारी मायावती का 70वाँ जन्मदिन ‘जनकल्याणकारी दिवस’ के रूप में हर्षोल्लास के साथ मनाया। आयोजित इस कार्यक्रम में कार्यकर्ताओं ने केक काटकर अपनी नेता की लंबी उम्र की कामना की। नीले गुब्बारे आसमान छोड़कर खुशी जाहिर की।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व प्रदेश महासचिव भोला सिंह बाजीगर थे, जबकि कार्यक्रम की अध्यक्षता राम सिंह मेघवाल ने की। सभा को संबोधित करते हुए भोला सिंह बाजीगर ने कहा कि बहन कुमारी मायावती ने अपना संपूर्ण जीवन समाज के दबे-कुचले वर्गों के उत्थान के लिए समर्पित कर दिया है।

आज समाज उनके संघर्षों की बदौलत ही प्रगति की राह पर है। उन्होंने कहा कि भारत में समतामूलक समाज की स्थापना तभी संभव है जब बहन कुमारी मायावती देश की प्रधानमंत्री बनेंगी।

बाजीगर ने भाजपा और कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि देश में इन दोनों ही दलों की सरकारें रही हैं, लेकिन गरीबी आज भी ज्यों की त्यों बनी हुई है और महंगाई आसमान छू रही है। चुनाव के समय दोनों दलों के नेता जनता को गुमराह कर वोट लेते हैं, लेकिन सत्ता मिलने के बाद जनता खुद को ठगा महसूस करती है। उन्होंने जनता से अपील की कि गरीबों के हक की लड़ाई लड़ने वाली बसपा को एक मौका देकर बहन जी को प्रधानमंत्री बनाना चाहिए।
