हनुमानगढ़। टाउन स्थित लिटिल हार्ट सीनियर सेकेंडरी स्कूल में बुधवार को विश्व पृथ्वी दिवस के उपलक्ष्य में पोस्टर प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता उत्पन्न करना, प्रकृति के प्रति प्रेम विकसित करना तथा उनकी रचनात्मक प्रतिभा को निखारना था। प्रतियोगिता में कक्षा नर्सरी से लेकर उच्च कक्षाओं तक के विद्यार्थियों ने हिस्सा लिया। विद्यार्थियों ने पृथ्वी बचाओ, भविष्य बचाओ, हरियाली अपनाओ, अधिक पेड़ लगाओ, कम करो, पुन: उपयोग करो, पुनर्चक्रित करो जैसे विषयों पर सुंदर, रंगीन और संदेशपूर्ण पोस्टर बनाए। इन चित्रों में पृथ्वी की सुंदरता, पर्यावरण प्रदूषण के दुष्प्रभाव, जल संरक्षण का महत्व तथा हरियाली बढ़ाने की आवश्यकता को प्रभावशाली ढंग से दर्शाया गया। विद्यालय के निदेशक विकास गोयल ने अपने संबोधन में कहा कि पृथ्वी हमारा एकमात्र घर है, इसकी सुरक्षा और संरक्षण हम सभी की जिम्मेदारी है। आज के विद्यार्थी ही कल के जागरूक नागरिक बनेंगे, इसलिए उन्हें अभी से पर्यावरण के प्रति संवेदनशील बनाना आवश्यक है। प्रधानाचार्य दया गोयल ने विद्यार्थियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियां बच्चों में न केवल रचनात्मकता को बढ़ावा देती हैं, बल्कि उन्हें सामाजिक जिम्मेदारियों के प्रति भी जागरूक बनाती हैं। हमें मिलकर पृथ्वी को स्वच्छ, सुरक्षित और हरा-भरा बनाए रखने का संकल्प लेना चाहिए। इस मौके पर प्रत्येक कक्षा की ओर से एक-एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल की जिम्मेदारी ली गई। कार्यक्रम के सफल संचालन में प्रीति बंसल का विशेष योगदान रहा। उनके मार्गदर्शन में विद्यार्थियों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता के अंत में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इस मौके पर प्रीति बंसल, गुरमीत कौर, शीनम, स्वेता, रीमा, रोबिन, शशिकांत शर्मा, नीतेश बंसल मौजूद रहे।
