हनुमानगढ़। ग्राम पंचायत सतीपुरा के वार्ड नंबर 2 में शुक्रवार दोपहर करीब 2:05 बजे एक बुजुर्ग महिला के साथ लूट और हमले की सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जानकारी के अनुसार महिला अपने घर से दूध लेने के लिए जा रही थी, तभी रास्ते में दो अज्ञात युवकों ने उसे रोक लिया। बताया जा रहा है कि आरोपियों ने महिला से रास्ता पूछने के बहाने बातचीत शुरू की और अचानक मौका पाकर उसके गले से सोने का मंगलसूत्र छीन लिया।

जब महिला ने विरोध किया तो आरोपियों ने उस पर धारदार हथियार से हमला कर दिया, जिससे वह घायल हो गई। वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों युवक मौके से फरार हो गए। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और घायल महिला को प्राथमिक उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया। पुलिस ने घटनास्थल का जायजा लेकर आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसमें दो संदिग्ध युवक नजर आए हैं। फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान और तलाश शुरू कर दी गई है। वहीं, इस घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल है और स्थानीय लोगों ने सुरक्षा व्यवस्था बढ़ाने की मांग की है।
