हनुमानगढ़। रावतसर थाना क्षेत्र में मजदूरी का काम कर घर लौट रहे एक युवक को रास्ते में रोककर लाठी-डंडों और मुक्कों से बुरी तरह पीटने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने एक नामजद सहित छह लोगों पर हमला करने और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाया है। रावतसर थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार खोड़ा निवासी राजेन्द्र (30) पुत्र जेठाराम कुम्हार ने रावतसर थाने में रिपोर्ट दी। उसने बताया कि वह मजदूरी और मार्बल का काम करता है। उसके अनुसार 27 अगस्त की रात करीब 8 बजे वह ग्राम धान्धू से काम करके मोटर साइकिल से अपने घर लौट रहा था। आरोप है कि गांव से कुछ दूरी पर पहले से घात लगाकर बैठे मुकेश कुमार पुत्र भालाराम कुम्हार निवासी खोड़ा और उसके साथ पांच अन्य व्यक्ति दो मोटर साइकिलों पर अचानक आए। आरोपियों ने उसकी मोटर साइकिल के आगे अपनी दोनों बाइक लगाकर रास्ता रोक दिया। राजेन्द्र ने पुलिस को बताया कि इसके बाद आरोपियों ने उसके सिर पर लाठी-डंडों से हमला किया तथा थप्पड़-मुक्कों से भी मारपीट की। उसके अनुसार आरोपियों के पास धारदार हथियार भी थे और उन्होंने उसे जान से मारने की धमकी दी। मारपीट के दौरान सिर में चोट लगने से खून बहने लगा और वह सड़क पर गिर गया। इसके बाद भी हमलावरों ने लातों और लाठी-डंडों से उसकी पिटाई की। सड़क पर किसी व्यक्ति के आने का आभास होने पर आरोपी उसे गंभीर हालत में छोड़कर दोनों मोटर साइकिलों से फरार हो गए। जाते समय आरोपियों ने पीड़ित और उसके परिवार के साथ भविष्य में भी इसी तरह की घटना करने की धमकी दी। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर बीएनएस की धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है। मामले की जांच सहायक उप निरीक्षक अमर सिंह को सौंपी गई है। पुलिस आरोपों की जांच के साथ घटना में शामिल अन्य पांच व्यक्तियों की पहचान और भूमिका की भी पड़ताल कर रही है।
