– माटी कला बोर्ड अध्यक्ष ने की जल संरक्षण को जन आंदोलन बनाने का आह्वान
हनुमानगढ़। माटी कला बोर्ड अध्यक्ष प्रहलाद राय टाक ने कहा कि वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान निश्चित तौर पर एक बड़ा अभियान है और उन्हें पूरा विश्वास है कि इसके सकारात्मक परिणाम सामने आएंगे। इससे गांवों के किसानों को सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी तथा आमजन को शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। सोमवार को वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान के तहत लखूवाली हेड पर आयोजित जिला स्तरीय शुभारंभ कार्यक्रम में शामिल होने के बाद आयोजित प्रेस वार्ता में टाक ने कहा कि किसानों को सिंचाई के लिए पानी की कमी न हो, इसके लिए मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने पश्चिमी राजस्थान की जीवनदायिनी इंदिरा गांधी नहर परियोजना के लिए 3200 करोड़ रुपए का बजट दिया है, जो अब तक का सबसे बड़ा बजट है। इससे क्षेत्र की खुशहाली बढ़ेगी। उन्होंने बताया कि सरकार गुजरात से भी पानी लाने के लिए प्रयासरत है। उन्होंने कहा कि अभियान का उद्देश्य केवल सिंचाई जल उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि आमजन को स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध करवाना भी है। उन्होंने बताया कि हाल में चलाए गए अभियान के दौरान खराब पड़े हैंडपंपों और नलों की मरम्मत करवाई गई है तथा जल संबंधी समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जा रहा है। टाक ने कहा कि भीषण गर्मी के दौरान पानी और बिजली की समस्याओं के समाधान के लिए अधिकारी चौबीस घंटे सक्रिय रहकर कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पानी का निर्माण नहीं किया जा सकता, इसलिए उसका संरक्षण और सदुपयोग जरूरी है। उन्होंने कहा कि हनुमानगढ़ में सिंचाई के लिए पर्याप्त पानी उपलब्ध होने के बावजूद कई इलाकों में पेयजल संकट पैदा हो जाता है। हाल ही में 40 दिन की नहर बंदी के दौरान लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। ऐसे समय में घरों में बनाए जाने वाले टांकों और डिग्गियों की उपयोगिता याद आती है। उन्होंने कहा कि जल संरक्षण को जन आंदोलन का रूप देने की जरूरत है। सरकार संरचनाएं तैयार कर सकती है, लेकिन उनका प्रभावी उपयोग जनभागीदारी से ही संभव है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि बारिश से पहले स्कूलों की डिग्गियों, घरों में बने जल स्रोतों, वाटर वर्क्स की डिग्गियों और जोहड़ों की सफाई कर वर्षा जल संग्रहण की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करें। पश्चिमी राजस्थान का उदाहरण देते हुए टाक ने क्षेत्र के सक्षम किसानों से गांवों के बस स्टैंडों पर प्याऊ एवं पेयजल व्यवस्था करने की अपील की, ताकि भीषण गर्मी में यात्रियों को राहत मिल सके। उन्होंने बताया कि वंदे गंगा जल संरक्षण अभियान में सहयोग करने वाले जल योद्धाओं को 5 जून को आयोजित जिला स्तरीय समापन कार्यक्रम में ‘जल गौरव पुरस्कारÓ से सम्मानित किया जाएगा। प्रेस वार्ता में पूर्व विधायक धर्मंेद्र मोची एवं भाजपा नेता अमित सहू भी मौजूद रहे।
