ऐलनाबाद। वरिष्ठ पत्रकार एवं अजीत समाचार के विशेष संवाददाता राम सिंह बराड़ को हरियाणा विधानसभा की प्रेस सलाहकार समिति का विशेष आमंत्रित सदस्य नियुक्त किया गया है। हरियाणा विधानसभा के स्पीकर हरविंदर कल्याण की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार यह नियुक्ति वर्ष 2025–26 के लिए गठित समिति के तहत की गई है। विधानसभा सचिवालय द्वारा जारी आदेश के अनुसार इस समिति में कुल सात वरिष्ठ पत्रकारों को विशेष आमंत्रित सदस्य के रूप में शामिल किया गया है। इनमें राम सिंह बराड़ के अलावा गीतांजलि गायत्री (द ट्रिब्यून), डॉ. धनंजय शर्मा (भारत 24), आशीष वर्मा (अमर उजाला), डॉ. सुरेंद्र धीमान (दैनिक सवेरा), सुखबीर सिंहवाल (द इंडियन एक्सप्रेस) तथा साक्षी शर्मा (इंडिया न्यूज) के नाम शामिल हैं। इन सभी पत्रकारों को मीडिया और जनसंचार के क्षेत्र में उनके अनुभव और योगदान को ध्यान में रखते हुए समिति में स्थान दिया गया है। अधिसूचना में स्पष्ट किया गया है कि विधानसभा की प्रेस सलाहकार समिति का कार्यकाल वर्ष 2025-26 तक रहेगा। यह समिति विधानसभा की प्रेस गैलरी से संबंधित व्यवस्थाओं, पत्रकारों के लिए बनाए गए नियमों और मीडिया कवरेज की सुचारू व्यवस्था के संचालन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। साथ ही समिति का उद्देश्य विधानसभा की कार्यवाही के प्रभावी और पारदर्शी प्रसारण को सुनिश्चित करना भी है, ताकि आम जनता तक लोकतांत्रिक प्रक्रियाओं की सही जानकारी पहुंच सके। वरिष्ठ पत्रकार राम सिंह बराड़ लंबे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं और क्षेत्रीय तथा राज्य स्तरीय मुद्दों को प्रमुखता से उठाते रहे हैं। उनकी नियुक्ति को पत्रकारिता जगत में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है। स्थानीय पत्रकारों और सामाजिक संगठनों ने भी इस मनोनयन पर खुशी व्यक्त की है और इसे ऐलनाबाद क्षेत्र के लिए गर्व का विषय बताया है। पत्रकारों का मानना है कि प्रेस सलाहकार समिति में अनुभवी पत्रकारों की भागीदारी से विधानसभा और मीडिया के बीच बेहतर समन्वय स्थापित होगा। इससे न केवल पत्रकारों को कार्य करने में सुविधा मिलेगी बल्कि लोकतांत्रिक व्यवस्था की पारदर्शिता भी मजबूत होगी। राम सिंह बराड़ सहित समिति में शामिल सभी नव नियुक्त सदस्यों ने इस अवसर पर हरियाणा विधानसभा के स्पीकर हरविंद्र कल्याण का आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि वे अपनी जिम्मेदारी को पूरी ईमानदारी और निष्पक्षता के साथ निभाने का प्रयास करेंगे तथा विधानसभा और मीडिया के बीच सकारात्मक संवाद को और मजबूत बनाने के लिए कार्य करेंगे।
