– डोर-टू-डोर पहुंचकर मांगे वोट, सफाई, स्ट्रीट लाइट और सड़कें प्रमुख मुद्दे; खिच्ची बोले-जनता ने मौका दिया तो प्राथमिकता से करवाएंगे विकास कार्य
हनुमानगढ़। नगर परिषद हनुमानगढ़ के वार्ड नंबर 28 से भारतीय जनता पार्टी के प्रत्याशी अशोक कुमार खिच्ची का जनसंपर्क अभियान जोर-शोर से जारी है। मंगलवार को उन्होंने समर्थकों के साथ वार्ड में डोर-टू-डोर संपर्क कर मतदाताओं से कमल के फूल के सामने का बटन दबाकर उन्हें विजयी बनाने की अपील की। जनसंपर्क के दौरान वार्डवासियों से मिल रहे समर्थन को लेकर भाजपा प्रत्याशी ने उत्साह जताया। अशोक कुमार खिच्ची ने कहा कि वार्ड नंबर 28 में सफाई, स्ट्रीट लाइट और सड़कें प्रमुख समस्याएं हैं। उन्होंने बताया कि जवाहर नगर के अंदर दूधवाल कॉलोनी से बाहर की ओर जाने वाली सड़क पिछले करीब सात वर्षों से लोगों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। जवाहर नगर कॉलोनी में भी सड़क निर्माण का कार्य अपेक्षित रूप से नहीं हुआ है। उन्होंने कहा कि चुनाव जीतने के बाद वार्ड की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर दूर करवाने के लिए गंभीरता से काम किया जाएगा।
पूर्व उपसभापति पर वार्ड की अनदेखी का आरोप
भाजपा प्रत्याशी ने कांग्रेस प्रत्याशी अनिल खीचड़ पर वार्ड की अनदेखी का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अनिल खीचड़ पूर्व नगर परिषद बोर्ड में उपसभापति रह चुके हैं और पिछले चुनाव में वार्ड नंबर 28 व 29 से प्रत्याशी रहे थे। खिच्ची का आरोप है कि दूसरे वार्ड से आकर चुनाव जीतने के बाद भी उन्होंने वार्ड नंबर 28 की समस्याओं पर अपेक्षित ध्यान नहीं दिया। उन्होंने कहा कि उपसभापति रहते हुए भी वार्ड की मूलभूत समस्याओं का समाधान नहीं करवाया गया। अशोक कुमार खिच्ची ने कहा कि वार्डवासियों के आग्रह और विश्वास के बाद वे चुनाव मैदान में उतरे हैं। उन्होंने दावा किया कि जनता इस बार ऐसे प्रत्याशी को मौका देना चाहती है जो वार्ड में रहकर लोगों की समस्याओं को समझे और उनके समाधान के लिए काम करे।
निर्दलीय प्रत्याशी पर भी साधा निशाना
उन्होंने टीम गणेशराज बंसल के निर्दलीय प्रत्याशी शुभेन्द्र सिंह को लेकर भी प्रतिक्रिया दी। खिच्ची ने कहा कि उनके अनुसार निर्दलीय प्रत्याशी का वार्ड में मजबूत राजनीतिक आधार और व्यापक जनसंपर्क नहीं है। उन्होंने आरोप लगाया कि वार्ड में दबाव की राजनीति का प्रयास किया जा रहा है, लेकिन मतदाता अब जागरूक है और अपने विवेक से मतदान करेगा।
डबल इंजन सरकार के नाम पर मांगा समर्थन
अशोक कुमार खिच्ची ने कहा कि केंद्र और राजस्थान में भाजपा की डबल इंजन सरकार है। उन्होंने दावा किया कि हनुमानगढ़ नगर परिषद में भी भाजपा का बोर्ड बनेगा, जिससे वार्ड में विकास कार्यों को गति मिलेगी। उन्होंने वार्डवासियों से अपील की कि वे कमल के फूल के सामने का बटन दबाकर उन्हें विजयी बनाएं, ताकि वार्ड की समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान करवाया जा सके।
