– भाजपा छोड़कर कई लोगों ने कांग्रेस का थामा हाथ, बोले-वार्ड में सड़क-नाली के काम ठप; रजनी देवी ने कहा-जीती तो सफाई, पानी, बिजली और विकास कार्य रहेंगे प्राथमिकता
हनुमानगढ़। नगर परिषद हनुमानगढ़ के वार्ड नंबर 38 में कांग्रेस प्रत्याशी रजनी देवी के समर्थन में लोगों का जुड़ना लगातार जारी है। मंगलवार को भाजपा से जुड़े कुछ लोगों ने कांग्रेस का समर्थन करने का ऐलान किया। इस दौरान उन्होंने वार्ड की समस्याओं और विकास कार्यों को लेकर अपनी नाराजगी जताई। वार्डवासी रामसिंह ने कहा कि उन्होंने वार्ड नंबर 38 से कांग्रेस प्रत्याशी रजनी देवी को समर्थन देने का निर्णय लिया है।

उन्होंने आरोप लगाया कि वार्ड में लंबे समय से सड़क और नाली निर्माण के काम नहीं हुए हैं। उनके अनुसार, कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में वार्ड में विकास कार्य हुए थे, लेकिन वर्तमान में विकास कार्यों की स्थिति संतोषजनक नहीं है। उन्होंने महंगाई बढ़ने का आरोप लगाते हुए कहा कि भाजपा में आम कार्यकर्ता को अपेक्षित मान-सम्मान नहीं मिल रहा, जबकि कांग्रेस में कार्यकर्ताओं का सम्मान किया जाता है।
दस साल भाजपा में रहे, अब कांग्रेस का समर्थन
चिरंजीलाल खर्रा ने बताया कि वे करीब दस वर्षों से भाजपा के कार्यकर्ता रहे हैं। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता के तौर पर उन्हें जिस मान-सम्मान की अपेक्षा थी, वह नहीं मिला। इसी नाराजगी के चलते उन्होंने आत्मसम्मान के लिए भाजपा छोड़कर कांग्रेस का समर्थन करने का निर्णय लिया है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के बोर्ड के दौरान नगर परिषद क्षेत्र में विकास कार्य हुए थे, लेकिन अब वार्ड में टूटी सड़कें और क्षतिग्रस्त नालियां लंबे समय से जस की तस पड़ी हैं। खर्रा ने दावा किया कि उनके साथ उनके समाज के करीब 10-15 लोगों ने भी कांग्रेस प्रत्याशी को समर्थन देने का निर्णय लिया है।
सफाई, पानी और बिजली की समस्याएं रहेंगी प्राथमिकता
कांग्रेस प्रत्याशी रजनी देवी ने समर्थन देने वाले लोगों का आभार जताते हुए कहा कि यदि वार्डवासियों ने उन्हें सेवा का मौका दिया तो वार्ड को साफ-सुथरा रखना उनकी प्राथमिकता रहेगी। उन्होंने सुचारू पेयजल व्यवस्था, कम विद्युत वोल्टेज की समस्या का समाधान, सड़क और नाली निर्माण सहित मूलभूत सुविधाओं पर विशेष ध्यान देने का भरोसा दिलाया। रजनी देवी ने वार्डवासियों से अपील की कि वे वार्ड को स्वच्छ और स्वस्थ बनाने के लिए उन्हें अपना बहुमूल्य मत देकर विजयी बनाएं। उन्होंने कहा कि उनकी जीत केवल उनकी व्यक्तिगत जीत नहीं, बल्कि पूरे वार्ड की जनता की जीत होगी। उन्होंने वार्डवासियों से एक बार उन्हें सेवा का अवसर देने की अपील की।
