– कांग्रेस प्रत्याशी रजनी देवी के समर्थन में घर-घर जनसंपर्क तेज, श्यामदास बोले-जीते तो वार्ड को नशामुक्त बनाने और पुलिस चौकी की मांग उठाने को देंगे प्राथमिकता
हनुमानगढ़। नगर परिषद चुनाव में जंक्शन के वार्ड नंबर 45 से कांग्रेस प्रत्याशी रजनी देवी धर्मपत्नी श्यामदास के समर्थन में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चुनाव प्रचार तेज कर दिया है। कार्यकर्ता घर-घर पहुंचकर मतदाताओं से संपर्क कर कांग्रेस के पक्ष में मतदान की अपील कर रहे हैं। इसी कड़ी में रविवार रात्रि को वार्ड में रजनी देवी के समर्थन में नुक्कड़ सभा का आयोजन किया गया। सभा में प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य भूपेन्द्र चौधरी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी शहर अध्यक्ष जिनेन्द्र जैन सहित कांग्रेस के अन्य नेता एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
वार्ड में बदलाव की जरूरत पर जोर
सभा को संबोधित करते हुए श्यामदास ने कहा कि वार्ड नंबर 45 की जनता लंबे समय से मूलभूत समस्याओं और विकास से जुड़े मुद्दों को लेकर बदलाव चाहती है। वार्डवासियों की इच्छा है कि नगर परिषद में आम लोगों की आवाज सुनी जाए और उनकी समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान हो। उन्होंने मतदाताओं से रजनी देवी को अधिकाधिक मतों से विजयी बनाने तथा नगर परिषद में कांग्रेस का बोर्ड बनाने में सहयोग करने की अपील की।
नशे के खिलाफ अभियान को बताया प्राथमिकता
श्यामदास ने कहा कि यदि रजनी देवी चुनाव जीतती हैं तो वार्ड को नशामुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने दावा किया कि वार्ड में चिट्टे और मेडिकल नशे का प्रकोप बढ़ा है और इसके कारण करीब 20 युवा अपनी जिंदगी गंवा चुके हैं। उन्होंने कहा कि नशे की बिक्री पर अंकुश लगाना उनकी प्राथमिकताओं में शामिल रहेगा। उन्होंने वार्ड में पुलिस चौकी खोलने की मांग भी प्रमुखता से उठाने की बात कही। उनका कहना था कि पुलिस चौकी स्थापित होने से नशे की गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण में मदद मिल सकती है। “नशा नहीं होगा तो नौजवान बचेंगे” का संदेश देते हुए उन्होंने युवाओं से कांग्रेस प्रत्याशी को एक मौका देने की अपील की।
विकास और मूलभूत सुविधाओं का दिलाया भरोसा
श्यामदास ने कहा कि वार्ड की जनता ने अब तक इस उम्मीद के साथ पार्षद चुने कि वार्ड का विकास होगा, नशे से मुक्ति मिलेगी, वंचित परिवारों को पट्टे मिलेंगे और मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध होंगी, लेकिन अपेक्षित कार्य नहीं हो पाए। उन्होंने कहा कि रजनी देवी के विजयी होने पर वार्डवासियों की समस्याओं और मांगों को मजबूती से नगर परिषद एवं संबंधित अधिकारियों के समक्ष रखा जाएगा तथा उनके समाधान के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा। सभा के दौरान कांग्रेस नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने रजनी देवी के पक्ष में मतदान की अपील करते हुए वार्ड में जनसंपर्क अभियान को और तेज करने का आह्वान किया।
