हनुमानगढ़। बहुजन समाज पार्टी ने आगामी चुनावों को लेकर संगठनात्मक गतिविधियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में सोमवार को पीलीबंगा के कृषक विश्राम गृह में बसपा की विधानसभा स्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत बनाने पर जोर दिया गया। बैठक को संबोधित करते हुए बसपा जिलाध्यक्ष महावीर सहजीपुरा ने कहा कि मजबूत सेक्टर और बूथ संगठन के बलबूते ही बसपा आगामी चुनाव में सत्ता तक पहुंचेगी। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे गांव-गांव और बूथ स्तर तक पार्टी को मजबूत करने के लिए सक्रियता से कार्य करें। उन्होंने कहा कि भाजपा और कांग्रेस के शासन से आमजन परेशान हो चुका है और अब जनता बसपा की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रही है। ऐसे में सभी कार्यकर्ताओं की जिम्मेदारी है कि वे पार्टी की नीतियों और विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाएं। बैठक के दौरान पीलीबंगा विधानसभा क्षेत्र को 34 सेक्टरों में विभाजित किया गया तथा सेक्टर सूची भी तैयार की गई। जिलाध्यक्ष ने पदाधिकारियों को जल्द से जल्द सेक्टर स्तर पर बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए। बैठक को जिला महासचिव रामप्रताप कांवलिया, विधानसभा क्षेत्र प्रभारी कालूराम पटीर और विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष रामगोपाल परिहार ने भी संबोधित किया। वक्ताओं ने संगठन की मजबूती और कार्यकर्ताओं की सक्रिय भूमिका पर बल दिया। इस मौके पर नत्थूराम जसैल, ओमप्रकाश सुडा, जीवराज मंडाड़, भादरराम जिनागल, रामकुमार कालवा, हनुमान परिहार, कालूराम जिनागल, विकास पटीर, हेतराम जसैल सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
