हनुमानगढ़। टाउन स्थित नगर परिषद कार्यालय में मंगलवार को आयोजित शहरी सेवा शिविर के फॉलोअप कैंप का जिला कलक्टर डॉ. खुशाल यादव ने निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विभिन्न विभागों के कार्यांे की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों का निर्धारित समय सीमा में निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि आमजन को सरकार की योजनाओं और अभियान का पूरा लाभ मिल सके। निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने पाया कि शिविर स्थल पर समाज कल्याण विभाग का कोई प्रतिनिधि मौजूद नहीं था। इस पर उन्होंने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों से जानकारी ली।

विभाग की ओर से बताया गया कि उनका प्रतिनिधि जंक्शन स्थित उप कार्यालय में मौजूद है। शिविर में पेयजल व्यवस्था का जायजा लेने के दौरान जिला कलक्टर ने देखा कि ठेकेदार की ओर से उपलब्ध कराए गए पानी के कैंपर बाहर से गंदे और काफी पुराने थे। इस पर उन्होंने नगर परिषद आयुक्त सुरेन्द्र यादव को निर्देश दिए कि शिविर में लगाए जाने वाले कैंपर बाहर से भी पूरी तरह साफ-सुथरे हों और आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। निरीक्षण के दौरान शिविर में मौजूद पूर्व पार्षद भूपेन्द्र नेहरा, प्रमोद सोनी और पूर्व पार्षद प्रतिनिधि मुकेश भार्गव सहित अन्य लोगों ने जिला कलक्टर के समक्ष पट्टों के नामांतरण से जुड़ी समस्याएं रखीं।

उन्होंने बताया कि हाईकोर्ट के आदेश के चलते अभियान के दौरान दी जाने वाली शुल्क छूट पर रोक लगने के कारण अब लोगों से अधिक राशि जमा करवाई जा रही है। पूर्व पार्षदों ने मांग की कि आवश्यक संशोधन कर पट्टों के नामांतरण की प्रक्रिया जल्द शुरू करवाई जाए, ताकि गरीब और जरूरतमंद लोगों को अपने मकानों का वैधानिक मालिकाना हक मिल सके। जिला कलक्टर ने अधिकारियों को समस्याओं के समाधान के लिए नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
