हनुमानगढ़। टाउन स्थित राजकीय जिला चिकित्सालय में बुधवार को स्तन कैंसर, सर्वाइकल कैंसर एवं एचपीवी टीकाकरण विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। भटनेर सर्जिकल सोसाइटी, एसोसिएशन ऑफ सर्जन ऑफ इंडिया-राजस्थान चैप्टर, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन तथा एमजीएम राजकीय जिला चिकित्सालय के तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं को इन गंभीर बीमारियों के प्रति जागरूक करना तथा समय पर जांच और टीकाकरण के महत्व की जानकारी देना रहा। कार्यक्रम के दौरान विशेषज्ञ चिकित्सकों ने स्तन कैंसर, सर्वाइकल कैंसर और एचपीवी वैक्सीन के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समय पर स्क्रीनिंग और जागरूकता से इन बीमारियों की रोकथाम और सफल उपचार संभव है। आईएमए अध्यक्ष डॉ. एसएस गेट ने कहा कि किसी भी बीमारी की रोकथाम के लिए समाज में जागरूकता सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने जिले के राजकीय विद्यालयों में भी इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाने की आवश्यकता पर बल दिया, ताकि किशोरियों और महिलाओं को प्रारंभिक स्तर पर ही आवश्यक जानकारी मिल सके। पूर्व पीएमओ डॉ. एमपी शर्मा ने बताया कि वर्तमान में एसोसिएशन ऑफ सर्जन ऑफ इंडिया-राजस्थान चैप्टर की ओर से सर्जन सप्ताह मनाया जा रहा है, जिसके तहत विभिन्न सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि स्तन कैंसर और सर्वाइकल कैंसर भारत ही नहीं बल्कि पूरे विश्व में महिलाओं में होने वाली सामान्य लेकिन गंभीर बीमारियों में शामिल हैं। हालांकि जागरूकता, समय पर जांच और उचित उपचार से इनसे बचाव और नियंत्रण संभव है। डॉ. संदीप भाकर ने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि स्तन में किसी भी प्रकार की गांठ, सूजन या असामान्य परिवर्तन दिखाई देने पर तुरंत चिकित्सकीय जांच करवानी चाहिए। जिन महिलाओं के परिवार में पहले स्तन या अंडाशय (ओवरी) का कैंसर रहा हो, मोटापे की समस्या हो या अन्य जोखिम कारक मौजूद हों, उनमें कैंसर की संभावना अधिक हो सकती है। उन्होंने कहा कि समय पर जांच और उपचार से कैंसर का सफल इलाज संभव है तथा इसे लाइलाज बीमारी मानने की धारणा गलत है। कार्यक्रम में पीएमओ डॉ. शंकर सोनी सहित चिकित्सालय के चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ और महिलाएं मौजूद रहीं।
