हनुमानगढ़। राजकीय बालिका उच्च माध्यमिक विद्यालय, पक्का सारणा में आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन समारोह 20 मार्च को उत्साह और गरिमामय वातावरण में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम की शुरुआत विद्यालय के प्रधानाचार्य राकेश कुमार अग्रवाल, उप-प्रधानाचार्य किरणजीत कौर तथा वार्ड पंच जसवीर कौर द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर की गई। समारोह में व्याख्याता शकुंतला, सुनीता, भारती कपूर, नीरू बाला, शिवकुमार, मंजू, प्रीति शर्मा, मनजीत कौर, चौधरी मंजू सारण, कमलदीप कौर, अरोड़ा सहित विद्यालय का समस्त स्टाफ उपस्थित रहा। कार्यक्रम के दौरान स्वयंसेविकाओं ने लक्ष्य गीत प्रस्तुत किया तथा योगाभ्यास भी किया। इसके साथ ही सांस्कृतिक कार्यक्रमों में छात्राओं ने बड़े उत्साह के साथ भाग लेकर उपस्थित स्टाफ, अभिभावकों और अन्य अतिथियों का मन मोह लिया। शिविर के दौरान आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं, सांस्कृतिक गतिविधियों और श्रमदान में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली स्वयंसेविकाओं को समारोह में पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। उपस्थित विद्यालय स्टाफ ने स्वयंसेविकाओं द्वारा किए गए कार्यों की सराहना की। इस अवसर पर वार्ड पंच जसवीर कौर ने छात्राओं को आपसी सहयोग और मिलजुल कर रहने का संदेश दिया। वहीं उप-प्रधानाचार्य किरणजीत कौर ने सात दिवसीय शिविर की गतिविधियों का विस्तार से उल्लेख करते हुए छात्राओं को सहयोग, अनुशासन और टीम भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। भोजन व्यवस्था वरिष्ठ अध्यापिका कृष्णारानी और प्रीति शर्मा के नेतृत्व में स्वयंसेविकाओं द्वारा संभाली गई। भोजन में छोले-पूरी और हलवा बनाया गया, जिसे सभी ने मिलकर आनंदपूर्वक ग्रहण किया। कार्यक्रम प्रभारी अनीता मीणा ने सात दिवसीय विशेष शिविर के दौरान आयोजित सभी गतिविधियों की सराहना करते हुए विद्यालय स्टाफ का आभार व्यक्त किया। अंत में प्रधानाचार्य राकेश कुमार अग्रवाल ने अपने प्रेरणादायक उद्बोधन में शिविर के सफल आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए शिविर के समापन की घोषणा की।
