संगरिया। संगरिया तहसील की ग्राम पंचायत नगराना में सार्वजनिक नाली और पक्की सड़क को तोड़ने तथा सरकारी निर्माण सामग्री चोरी करने का आरोप सामने आया है। इस मामले को लेकर ग्रामीणों और प्रशासक समिति सदस्यों ने ग्राम विकास अधिकारी को ज्ञापन सौंपते हुए दोषियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराने की मांग की है। प्रशासक समिति सदस्य सोनू पुत्र मोदन सिंह ने बताया कि वह वार्ड संख्या दो से निर्वाचित पंच रह चुका है और पंचायत का कार्यकाल पूर्ण होने के बाद वर्तमान में जिला कलक्टर की ओर से गठित प्रशासकीय समिति का सदस्य है। उसकी देखरेख में राज्य सरकार के आदेशानुसार ग्राम पंचायत नगराना के वार्ड दो में लखवीर सिंह के घर से जसकरण सिंह के घर तक पक्की नाली व सड़क का निर्माण कार्य करवाया गया था। सोनू सिंह के अनुसार, कुलदीप सिंह पुत्र लाभ सिंह, संदीप सिंह पुत्र लाभ सिंह और लाभ सिंह पुत्र जोगेंद्र सिंह इस निर्माण कार्य से सहमत नहीं थे। निर्माण के दौरान इन लोगों ने ग्राम पंचायत प्रशासक के साथ दुर्व्यवहार किया और कार्य रुकवाने का प्रयास भी किया। आरोप है कि निर्माण कार्य पूर्ण होने के बाद 4 जनवरी की रात करीब दो बजे उक्त व्यक्तियों ने चार-पांच अन्य लोगों के साथ मिलकर पंचायत की ओर से निर्मित नाली और सड़क को तोड़ दिया तथा ईंटें व चौके उखाड़कर अपने घर ले गए। इतना ही नहीं, इन लोगों ने गली के बीचोंबीच बाथरूम और नाली का निर्माण कर अतिक्रमण भी कर लिया है। प्रशासक समिति सदस्य ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की है कि सरकारी नाली और सड़क को नुकसान पहुंचाने तथा निर्माण सामग्री चोरी करने के मामले में संबंधित व्यक्तियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर सख्त कार्रवाई की जाए। इस मौके पर जसकरण सिंह, धर्मपाल और मोदन सिंह सहित अन्य ग्रामीण मौजूद रहे।
