हनुमानगढ़। सदर थाना क्षेत्र के गांव करणीसर में सिंचाई के लिए बिछाई गई भूमिगत पाइप लाइन तोड़ने के आरोप में सदर पुलिस थाना में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस के अनुसार बलविन्द्र सिंह (44) पुत्र संता सिंह बावरी निवासी करणीसर ने लिखित रिपोर्ट पेश करते हुए बताया कि उसकी कृषि भूमि गांव करणीसर की दक्षिण दिशा में स्थित है। वह घग्घर नदी से सिंचाई पानी लेने के लिए गांव की आम गली से भूमिगत पाइप लाइन बिछाकर अपने खेत तक पानी पहुंचाता है। आरोप है कि 16 फरवरी की रात को गांव के पारस दूधवाल, प्रेम दूधवाल पुत्र कानाराम, सुरेंद्र दूधवाल पुत्र जयमलराम, अनिल कुमार पुत्र पतराम दूधवाल, ऋषभ पुत्र पृथ्वीराज दूधवाल, हनुमान पुत्र फताराम, सुभाष पुत्र प्रभुदयाल, पवन पुत्र रामकुमार दूधवाल, सुधीर पुत्र मदन, मनदीप पुत्र जीतराम, योगेश सहित 10-15 अन्य व्यक्तियों ने वार्ड 17 में प्रेम दूधवाल के घर के सामने से पाइप लाइन तोड़ दी। घटना के दौरान बिन्द्र सिंह पुत्र गुरबक्श सिंह ने इन लोगों को पाइप तोड़ते हुए देखा। पाइप लाइन टूटने से खेत में खड़ी फसल को पानी नहीं मिल पाया, जिससे आर्थिक नुकसान हुआ है। बलविन्द्र के अनुसार इससे पूर्व 6 फरवरी को न्यायालय, एडीजे-प्रथम हनुमानगढ़ तथा उपखंड मजिस्ट्रेट की उपस्थिति में प्रशासन व पुलिस ने पाइप लाइन को जुड़वाया था। उस समय भी इन लोगों ने पाइप तोड़ने की धमकी दी थी और पाइप लाइन क्षतिग्रस्त की थी, जिसे प्रशासन ने मौके पर जाकर पुन: जुड़वाया था। पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर बीएनएस की धाराओं तथा एससीएसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। प्रकरण की जांच वृत्ताधिकारी मीनाक्षी चौधरी कर रही हैं।
