संगरिया। करीबन तीन वर्षां से फरार चल रहे स्थाई वारंटी को संगरिया थाना पुलिस ने विशेष अभियान के तहत गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। यह कार्रवाई जिला पुलिस की ओर से वांछित अपराधियों की धरपकड़ के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत की गई। पुलिस के अनुसार जिले में नशा तस्करी, अवैध मादक पदार्थ, अवैध हथियार, जुआ-सट्टा, अवैध धंधों एवं संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम के साथ-साथ वांछित अपराधियों, गैंगस्टर एवं उनके सहयोगियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान निरंतर चलाया जा रहा है। इस संबंध में पुलिस अधीक्षक हरी शंकर की ओर से सभी अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सख्ती से कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में संगरिया पुलिस थाना के सहायक उप निरीक्षक प्रतापसिंह व कांस्टेबल ज्वाला सिंह की टीम ने गुरुवार को संगरिया बस स्टैंड से स्थाई वारंटी कुलविन्द्र सिंह उर्फ किन्दी (33) पुत्र दर्शन सिंह निवासी जंडवाला सिखान पीएस संगरिया को गिरफ्तार किया। वह 2014 में दर्ज प्रकरण संख्या 557/2014, धारा 341, 323, 325, 34 आईपीसी में करीब तीन साल से फरार चल रहा था। इस गिरफ्तारी में कांस्टेबल ज्वाला सिंह की विशेष भूमिका रही।
