हनुमानगढ़। राजकीय एएनएम प्रशिक्षण केन्द्र में गुरुवार को मिस फ्लोरेंस नाइटेंगल ओथ सेरेमनी एंड मोटिवेशनल वेलकम प्रोग्राम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में एएनएम प्रथम वर्ष एवं बीएससी नर्सिंग प्रथम वर्ष के छात्र-छात्राओं को नर्सिंग सेवा से जुड़ी शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में जिला प्रजनन एवं शिशु स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुनील विद्यार्थी, सहायक प्रशासनिक अधिकारी राजेन्द्र शर्मा तथा राजकीय नर्सिंग महाविद्यालय श्रीगंगानगर के प्राचार्य डॉ. शिवइन्द्र पाल सिंह मौजूद रहे। सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने नर्सिंग छात्र-छात्राओं को फ्लोरेंस नाइटेंगल शपथ दिलाते हुए सेवा भावना, ईमानदारी और जिम्मेदारी के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया। वहीं राजेन्द्र शर्मा ने छात्र-छात्राओं को स्वच्छता शपथ दिलाई। कार्यक्रम के दौरान स्वास्थ्य विभाग की ओर से राज्य स्तरीय फ्लोरेंस नाइटेंगल अवार्ड प्राप्त करने पर राजकीय नर्सिंग महाविद्यालय हनुमानगढ़ की नर्सिंग अधीक्षक एवं प्रधानाचार्य राज औलख का साफा पहनाकर और बुके भेंट कर सम्मान किया गया। राज औलख ने कार्यक्रम सहायक रमेश कुमार के सहयोग से अपने अनुभव छात्र-छात्राओं के साथ स्लाइड्स के माध्यम से साझा किए। उन्होंने नर्सिंग सेवा में समर्पण, अनुशासन और मानवीय संवेदनाओं के महत्व पर प्रकाश डाला। सीएमएचओ डॉ. नवनीत शर्मा ने कहा कि हनुमानगढ़ जिले को राज्य स्तरीय पुरस्कार मिलना गौरव की बात है। उन्होंने छात्र-छात्राओं को सजगता और ईमानदारी के साथ कार्य करते हुए स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्ट योगदान देने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में नरेन्द्र कौशिक, कान्ता कूकणा, मोनिका, सुमन कुमारी, भैरू सिंह जोधा, निर्मल सिंह सहित अन्य स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।
