हनुमानगढ़। टाउन स्थित राजकीय नेहरू मेमोरियल स्नातकोत्तर महाविद्यालय में बीएससी छात्र-छात्राओं के लिए आई-स्टार्ट लॉन्चपैड योजना के तहत जिला इन्क्यूबेशन सेंटर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्राचार्य प्रो. रामपाल अहरोदिया ने की। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आई-स्टार्ट पहल के माध्यम से छात्र-छात्राओं को नवाचार और स्टार्टअप संस्कृति से जोड़ना तथा उन्हें अपने रचनात्मक विचारों को उद्यम के रूप में विकसित करने के लिए प्रेरित करना था। इस मौके पर आरकैट बीकानेर डिवीजन के कोऑर्डिनेटर दीपेश रामावत ने छात्र-छात्राओं को विभिन्न तकनीकी कोर्सेज की उपयोगिता के बारे में जानकारी दी। उन्होंने आगामी क्विज-ए-थॉन (छात्रवृत्ति परीक्षा) में हिस्सा लेने के लिए छात्र-छात्राओं को प्रेरित किया। साथ ही एआई, मशीन लर्निंग, एआर/वीआर, क्लाउड कंप्यूटिंग, साइबर सिक्योरिटी और आईओटी जैसे आधुनिक कोर्सेज के बारे में जानकारी देते हुए बताया कि इन क्षेत्रों में प्रशिक्षण लेकर छात्र-छात्राएं बेहतर रोजगार के अवसर प्राप्त कर सकते हैं। इन्फॉरमैटिक्स असिस्टेंट शीनू शर्मा ने आई-स्टार्ट पहल के अंतर्गत मिलने वाले अवसरों, मार्गदर्शन और सहयोग के बारे में जानकारी देते हुए छात्र-छात्राओं को अपने नवाचारपूर्ण विचारों को प्लेटफॉर्म के माध्यम से आगे बढ़ाने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने लर्निंग मैनेजमेंट सिस्टम (एलएमएस) मॉड्यूल की उपयोगिता पर प्रकाश डालते हुए बताया कि डिजिटल संसाधनों के माध्यम से छात्र-छात्राएं अपनी शैक्षणिक क्षमता को और बेहतर बना सकते हैं। कार्यक्रम में नोडल अधिकारी किरण ढिल्ल, ममता, सहायक आचार्य हिंदी मनदीप कौर तथा सहायक आचार्य अंग्रेजी सहित अन्य संकाय सदस्यों ने भी छात्र-छात्राओं को नवाचार, अनुसंधान और उद्यमिता के महत्व से अवगत कराया।
