हनुमानगढ़। संविधान निर्माता डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर ग्राम पंचायत सतीपुरा के ग्राम ढालिया में विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ओमप्रकाश बिश्नोई ने बाबा साहेब की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी तथा नवसृजित ग्राम पंचायत ढालिया के ग्रामवासियों को बधाई दी। कार्यक्रम के दौरान उन्होंने ग्रामीणों को स्वच्छता के महत्व के बारे में जानकारी दी और हरियालो राजस्थान कार्यक्रम के तहत ग्राम पंचायत में पौधशाला विकसित करने तथा अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री विकसित ग्राम अभियान की भी जानकारी दी। मुख्य कार्यकारी अधिकारी ने राजकीय उच्च प्राथमिक विद्यालय परिसर में विधायक मद से निर्मित वॉलीबॉल ग्राउंड का निरीक्षण किया। इसके बाद गांव की फिरनी पर जमा लिगेसी कचरे का चिन्हीकरण कर उसके निस्तारण के निर्देश दिए, जिस पर ग्राम पंचायत की ओर से मौके पर ही ट्रैक्टर-ट्रॉली और लोडर की सहायता से कचरा हटाया गया। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिसर में पौधारोपण कर अभियान का समापन किया गया। इस मौके पर पंचायत समिति के विकास अधिकारी रामेश्वर लाल, सहायक विकास अधिकारी अशोक शर्मा, ग्राम विकास अधिकारी नन्दकिशोर वर्मा, कनिष्ठ सहायक अंजू शर्मा, स्वच्छ भारत मिशन के बीसी सुनील कुमार, ग्राम पंचायत प्रशासक प्रतिनिधि गुरलाल सिंह, उस्नाक मोहम्मद, गोल्डी, जगसीर सिंह, बशीर मोहम्मद सहित अनेक ग्रामीण मौजूद रहे।
