हनुमानगढ़। जिले में नशा तस्करी और अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत नोहर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 100.35 ग्राम अवैध अफीम के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस के अनुसार एसआई पृथ्वी सिंह नरुका के नेतृत्व में नोहर थाना पुलिस टीम गश्त पर थी। इस दौरान कस्बा नोहर में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने श्रवण सिंह (42) पुत्र मनमोहन सिंह बिश्नोई निवासी रामडावास कलां, जिला जोधपुर को 100.35 ग्राम अफीम के साथ गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया है। मामले की जांच नहरी पानी सुरक्षा एवं पानी चोरी निरोधक थाना नोहर के प्रभारी एसआई हनुमान प्रसाद कर रहे हैं। पुलिस के अनुसार इस कार्रवाई में डीएसटी टीम नोहर की गोपनीय सूचना संकलन और साक्ष्य जुटाने में महत्वपूर्ण भूमिका रही। कार्रवाई करने वाली टीम में एसआई पृथ्वी सिंह नरुका, एएसआई जगदीश प्रसाद, छोटूराम, राजेन्द्र सिंह तथा कांस्टेबल राजकुमार शामिल रहे।
