हनुमानगढ़। आबकारी आयुक्त के निर्देशानुसार 1 मई से 15 मई तक चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत जिले में अवैध शराब के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में जिला कलक्टर और जिला आबकारी अधिकारी के निर्देशन में आबकारी विभाग ने मंगलवार को संयुक्त रेड अभियान चलाते हुए विभिन्न स्थानों पर दबिश दी। अभियान के दौरान गांव गगागढ़, गंगाघाट, देबूघाट, श्रीनगर सहित अन्य क्षेत्रों में कार्रवाई करते हुए करीब 4500 लीटर उत्तेजित लाहन (हथकढ़ शराब बनाने के लिए तैयार वाश) नष्ट किया गया। साथ ही 8 कच्ची भट्ठियों को ध्वस्त किया गया। इस दौरान 2 अभियोग दर्ज कर 60 लीटर हथकढ़ शराब बरामद की गई। विभागीय आंकड़ों के अनुसार, अब तक इस विशेष अभियान के तहत जिलेभर में कुल 11450 लीटर उत्तेजित लाहन नष्ट किया जा चुका है तथा 16 कच्ची भट्ठियों को तोड़ा गया है। इसके अलावा 25 प्रकरण दर्ज कर एक मोटर साइकिल भी जब्त की गई है। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया कि अवैध हथकढ़ शराब की कशीदगी और बिक्री पर रोक लगाने के लिए लगातार रेड और गश्त की जा रही है। यह अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस कार्रवाई में हनुमानगढ़ प्रहराधिकारी अमर सिंह, भादरा प्रहराधिकारी विरेंद्र सिंह, नोहर प्रहराधिकारी कमल सिंह, संगरिया प्रहराधिकारी विनोद कुमार, जमादार हुसैन खान सहित आबकारी विभाग की टीम मय जाप्ता शामिल रही। जिला आबकारी अधिकारी संजीव पटावरी ने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में अब तक आबकारी विभाग की ओर से 92 अभियोग दर्ज किए जा चुके हैं।
