– काम का समय बदलने, भीषण गर्मी में मजदूरों से कार्य कराने और प्रशासन की अनदेखी के विरोध में सीटू का आंदोलन तेज
हनुमानगढ़। एफसीआई पल्लेदार मजदूर यूनियन (सीटू) की जिला कमेटी की बैठक दर्शन कोड़ा मजदूर भवन, संगरिया में जिलाध्यक्ष आत्मा सिंह की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में निर्णय लिया गया कि यदि 12 जुलाई तक मजदूरों की मांगों पर सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो 13 जुलाई से जिले के सभी एफसीआई डिपो और अनाज मंडियों में पल्लेदार मजदूर बेमियादी हड़ताल पर चले जाएंगे। जिला सचिव गुरुप्रेम सिंह ने कहा कि भीषण गर्मी और उमस के बावजूद गेहूं की लोडिंग एवं निकासी का समय सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक निर्धारित कर दिया गया है। उनका कहना है कि गोदाम खुलने और ट्रकों की कांटेदारी की प्रक्रिया पूरी होते-होते करीब 11 बजे तक काम शुरू हो पाता है, जबकि उस समय अत्यधिक गर्मी के कारण मजदूरों के लिए काम करना मुश्किल हो जाता है। उन्होंने दावा किया कि कई डिपो पर मजदूरों को चक्कर आने और हार्ट अटैक जैसी समस्याएं सामने आ रही हैं, लेकिन प्रशासन इस ओर गंभीरता नहीं दिखा रहा। जिलाध्यक्ष आत्मा सिंह ने आरोप लगाया कि एफसीआई के जिला प्रबंधक मजदूर यूनियन के प्रतिनिधियों के फोन तक नहीं उठाते और ईमेल का भी जवाब नहीं दिया जा रहा। उन्होंने कहा कि अधिकारियों के बीच समन्वय की कमी के कारण डबलीराठान और टिब्बी मंडी में गेहूं का उठाव प्रभावित हुआ है, जिससे किसानों और व्यापारियों को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है। यूनियन ने चेतावनी दी है कि यदि 12 जुलाई तक सुबह 7 बजे से शाम 6 बजे तक कार्य कराने के आदेश जारी नहीं किए गए तो 13 जुलाई से जिले के सभी एफसीआई डिपो और अनाज मंडियों में काम पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। यूनियन ने आवश्यकता पड़ने पर सड़क पर उतरकर उग्र आंदोलन करने की भी घोषणा की। बैठक में जगजीत सिंह, राजकुमार, लाल सिंह, राम सिंह, बिंटू तथा राजेश सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य मौजूद रहे।
