- हाउसिंग बोर्ड वार्ड-6 के लोगों का ऐलान-विकास की आरंटी देने वाले प्रत्याशी को एकजुट होकर देंगे वोट, वरना चुनाव से रहेंगे दूर
हनुमानगढ़। नगर परिषद चुनाव की सरगर्मियों के बीच जंक्शन के वार्ड नंबर 6 स्थित हाउसिंग बोर्ड में रविवार रात मोहल्लेवासियों की बैठक हुई। बैठक में क्षेत्र की लंबे समय से लंबित समस्याओं को लेकर नाराजगी जताई गई।

वार्डवासियों ने करीब 15 वर्षांे से बदहाल पड़े पार्क के सौंदर्यकरण सहित विभिन्न विकास कार्यांे की मांग उठाई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि जो भी प्रत्याशी वार्ड की समस्याओं का समाधान करवाने का ठोस भरोसा देगा, मोहल्लेवासी एकजुट होकर उसी के पक्ष में मतदान करेंगे। यदि किसी प्रत्याशी ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन नहीं दिया तो सभी मतदाताओं की ओर से मतदान का बहिष्कार करने की चेतावनी दी गई।

मोहल्लेवासियों ने पार्क के सौंदर्यकरण के अलावा क्षेत्र में सीसीटीवी कैमरे लगाने, बरसाती पानी की निकासी की उचित व्यवस्था करने, रेलवे बाउंड्री के पास सौंदर्यकरण करवाने तथा निराश्रित गोवंश और आवारा कुत्तों की समस्या से निजात दिलाने की मांग की। वार्डवासियों का कहना है कि पार्क लंबे समय से उपेक्षित है और इसके विकास के लिए कई बार मांग उठाई जा चुकी है, लेकिन अब तक स्थिति में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ।

वार्ड निवासी अंकित सिंघल ने बताया कि गणेश राज बंसल के विधायक बनने से पहले वार्ड में एक बैठक हुई थी। उस दौरान उन्होंने वार्ड के पार्क के विकास का आश्वासन दिया था। वार्डवासियों ने उनके समर्थन में सहयोग किया और वे निर्दलीय विधायक निर्वाचित हुए, लेकिन इसके बाद भी पार्क की स्थिति में सुधार नहीं हुआ।

सिंघल के अनुसार, वार्ड की समस्याओं को लेकर मोहल्लेवासी पूर्व में तीन-चार बार विधायक के पास भी गए, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया। उन्होंने बताया कि तीन पार्कांे के विकास के लिए करीब 30 लाख रुपए का टेंडर लगाए जाने की बात भी सामने आई थी। वार्ड के मनोनीत पार्षद ने पार्क का काम जल्द शुरू करवाने का आश्वासन दिया, लेकिन काम शुरू नहीं हुआ।
बोले-इस बार प्रलोभन नहीं, विकास की गारंटी चाहिए
अंकित सिंघल ने कहा कि इस बार मोहल्लेवासियों को किसी तरह का प्रलोभन नहीं चाहिए, बल्कि वार्ड के सर्वांगीण विकास की गारंटी चाहिए। उन्होंने दावा किया कि मोहल्ले के करीब 300 से 350 नागरिक एकजुट हैं और यही उनकी सबसे बड़ी ताकत है। उन्होंने कहा कि सभी मतदाता एक ही प्रत्याशी के पक्ष में मतदान करेंगे, लेकिन वह प्रत्याशी ऐसा होना चाहिए जो वार्ड की समस्याओं का समाधान करवाने और विकास कार्य करवाने के लिए प्रतिबद्ध हो। अन्यथा मोहल्लेवासी किसी भी प्रत्याशी के पक्ष में मतदान नहीं करेंगे। बैठक में वार्डवासियों ने कहा कि वर्षों से लंबित मूलभूत समस्याओं के समाधान को इस बार चुनाव का प्रमुख मुद्दा बनाया जाएगा।






