हनुमानगढ़। जंक्शन की भट्ठा कॉलोनी में दो दिवसीय निशुल्क होम्योपैथिक चिकित्सा शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में बड़ी संख्या में लोगों ने पहुंचकर मुफ्त जांच और दवाइयों का लाभ उठाया। स्वामी विवेकानंद रंगमंच सेवा समिति के सहयोग से होम्योपैथी चिकित्सा विभाग जयपुर, राजस्थान की ओर से वार्ड 15 स्थित स्वामी विवेकानंद पार्क में यह दो दिवसीय नि:शुल्क होम्योपैथी चिकित्सा शिविर आयोजित किया गया। शिविर में चर्म रोग, पेट संबंधी रोग, बच्चों की बीमारियां, अस्थमा, माइग्रेन, घुटनों का दर्द, डेंगू और मलेरिया सहित विभिन्न बीमारियों का होम्योपैथिक उपचार किया गया। मरीजों को निशुल्क जांच के साथ दवाइयां भी वितरित की गईं। शिविर में डॉ. अंजना कामरा, डॉ. संदीप कुमार और नर्सिंग स्टाफ शिव भगवान ने सेवाएं प्रदान कीं। शिविर प्रभारी डॉ. अंजना कामरा ने बताया कि शिविर सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक संचालित किया गया। शिविर के दौरान लगभग 300 से अधिक लोगों ने उपचार सेवाओं का लाभ उठाया। उन्होंने कहा कि होम्योपैथिक चिकित्सा पद्धति के प्रति लोगों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है और इस प्रकार के शिविर आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में सहायक साबित हो रहे हैं। इस मौके पर स्वामी विवेकानंद रंगमंच सेवा समिति अध्यक्ष गौरव शर्मा, संरक्षक एवं पूर्व पार्षद नगीना बाई, सचिव मानव तिवारी, अमित तिवारी, प्रदीप गुप्ता सहित समिति के अन्य सदस्य और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे।
