ऐलनाबाद। पुलिस अधीक्षक दीपक सहारन के निर्देशानुसार सिरसा पुलिस द्वारा नशा तस्करों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत कार्रवाई करते हुए जिला की एबीवीटी स्टाफ सिरसा की एक पुलिस टीम ने गश्त के दौरान सरस्वती कॉलोनी सिरसा क्षेत्र से एक युवक को हजारों रुपए की 6 ग्राम 19 मिलीग्राम हेरोइन सहित गिरफ्तार किया है । इस संबंध में विस्तृत जानकारी देते हुए एबीवीटी स्टाफ सिरसा पुलिस टीम के प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए युवक की पहचान रवि पुत्र रामकुमार निवासी सरस्वती कॉलोनी सिरसा के रूप में हुई है । उन्होंने बताया कि एबीवीटी स्टाफ सिरसा की एक पुलिस टीम गश्त के दौरान आंगनबाड़ी वाली गली से होते हुए सरस्वती कॉलोनी सिरसा की तरफ जा रही थी । इसी दौरान सामने से एक नौजवान युवक पैदल आता दिखाई दिया । उक्त युवक ने सामने पुलिस की गाड़ी को देखकर अचानक वापस मुड़कर भागने का प्रयास किया पुलिस पार्टी ने शक के आधार पर उक्त युवक को काबू कर राजपत्रित अधिकारी की मौजूदगी में नियमानुसार तलाशी ली तो उसके कब्जा से 6 ग्राम 19 मिलीग्राम हेरोइन बरामद हुई । एबीवीटी स्टाफ सिरसा प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार किए गए आरोपी के खिलाफ थाना शहर सिरसा में मादक पदार्थ अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच थाना शहर सिरसा पुलिस को सौंपी गई है । उन्होंने बताया कि गिरफ्तार किए गए युवक को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा और रिमांड अवधि के दौरान आरोपी से पूछताछ कर हेरोइन तस्करी के इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के बारे में नाम पता मालूम कर उनके खिलाफ भी कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी ।
