हनुमानगढ़। पुलिस अधीक्षक हरी शंकर के निर्देशन में नशा तस्करी के विरुद्ध चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत टाउन थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 3 क्विंटल 14 किलो 350 ग्राम अवैध डोडा पोस्त सहित एक ट्रक चालक को गिरफ्तार किया है। तस्करी में प्रयुक्त ट्रक को भी जब्त किया गया है। जब्त मादक पदार्थ की अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 60 लाख रुपए बताई जा रही है। पुलिस अधीक्षक हरी शंकर ने बताया कि जिले में नशा तस्करी, अवैध मादक पदार्थ, अवैध हथियार, जुआ-सट्टा, अवैध धंधों एवं संपत्ति संबंधी अपराधों की रोकथाम तथा वांछित अपराधियों और गैंगस्टर व उनके सहयोगियों की धरपकड़ के लिए विशेष अभियान लगातार चलाया जा रहा है। इसी क्रम में समस्त अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र में सख्ती से कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अरविंद बिश्नोई एवं वृताधिकारी मीनाक्षी के सुपरविजन में टाउन थाना पुलिस की टीम ने भारतमाला एक्सप्रेस वे पर रोही किशनपुरा दिखनादा, चक 19 केएसपी के पास गश्त व नाकाबंदी के दौरान ट्रक संख्या पीबी 05 एक्यू 7369 को रुकवाकर तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक से 3 क्विंटल 14 किलो 350 ग्राम डोडा पोस्त बरामद किया गया। पुलिस ने ट्रक चालक आरोपी कलवंत सिंह (37) पुत्र अमर सिंह जटसिख निवासी लोहगढ़, तहसील धर्मकोट, जिला मोगा (पंजाब) को मौके से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के विरुद्ध टाउन पुलिस थाना में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया है। मामले की जांच पुलिस थाना संगरिया पुलिस थाना प्रभारी अमर सिंह की ओर से की जा रही है। कार्रवाई करने वाली पुलिस टीम में उप निरीक्षक ज्योति, सहायक उप निरीक्षक अमीचंद, कांस्टेबल पवन कुमार, शीशपाल, प्रहलाद एवं रोहिताश शामिल रहे। इस कार्रवाई में सहायक उप निरीक्षक दुलाराम मय डीएसटी की विशेष भूमिका रही। पुलिस अधीक्षक ने टीम की सराहना करते हुए कहा कि जिले में नशा तस्करी के विरुद्ध अभियान आगे भी इसी सख्ती के साथ जारी रहेगा।
