हनुमानगढ़। जिला कलक्ट्रेट परिसर स्थित पेंशनर हॉल में गुरुवार को राजस्थान पेंशनर समाज की ओर से सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में 80 वर्ष की आयु पूर्ण कर चुके 55 पेंशनर एवं पारिवारिक पेंशनरों को माला पहनाकर, शॉल ओढ़ाकर एवं गीता भेंट कर सम्मानित किया गया। समारोह में वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान और कृतज्ञता का भाव देखने को मिला।

कार्यक्रम के दौरान राजस्थान राज्य पथ परिवहन निगम की ओर से वरिष्ठ नागरिकों के लिए यात्रा सुविधा के लिए स्मार्ट कार्ड भी बनाए गए। इससे पेंशनर्स को रोडवेज बसों में यात्रा के दौरान सुविधा मिलेगी। समारोह में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. नवनीत शर्मा, कोषाधिकारी तथा विभिन्न बैंकों के प्रतिनिधि मौजूद रहे। इस मौके पर पेंशनर्स ने अपनी विभिन्न समस्याएं भी अधिकारियों के समक्ष रखीं और समाधान की मांग की।

समाज के जिलाध्यक्ष अशोक खत्री ने बताया कि प्रतिवर्ष 17 दिसम्बर को पेंशनर्स दिवस मनाया जाता है। 16 दिसम्बर को कलक्ट्रेट परिसर में बम होने की अफवाह तथा 17 दिसम्बर को बंद के कारण इस बार पेंशनर्स दिवस स्थगित करना पड़ा था। उन्होंने बताया कि यह दिवस 17 दिसम्बर 1982 को डीएस नाकरा के संबंध में उच्चतम न्यायालय के ऐतिहासिक निर्णय की स्मृति में मनाया जाता है। उन्होंने यह भी बताया कि जिन तहसीलों में पेंशनर्स के लिए बैठक या गतिविधियों के लिए स्थान उपलब्ध नहीं है, वहां स्थान उपलब्ध करवाने के लिए समाज प्रयासरत है। समाज की मांग है कि जो सरकारी भवन अनुपयोगी या निष्क्रिय पड़े हैं, उन्हें पेंशनर्स को उपयोग के लिए आवंटित किया जाए। उपाध्यक्ष रमेश दरगन ने पेंशनर्स को दवाइयां नहीं मिलने की समस्या उठाई।

उन्होंने कहा कि मेडिकल स्टोर संचालकों का कहना है कि उन्हें भुगतान नहीं हो रहा है, जबकि पेंशनर्स के वेतन से दवाइयों के लिए राशि काटी जाती रही है। दवाइयां प्राप्त करना उनका अधिकार है और सरकार को इस समस्या का शीघ्र समाधान निकालना चाहिए। इसके अलावा उन्होंने बताया कि पेंशनर्स के जीवित प्रमाण पत्र नवंबर माह में लिए जाते हैं। अब तक लगभग 750 जीवित प्रमाण पत्र प्रमाणित कर कोषालय में जमा करवाए जा चुके हैं।
