संगरिया। शुक्रवार को जनसुनवाई केंद्र पर क्षेत्रीय विधायक अभिमन्यु पुनिया ने ग्रामीणों की समस्याओं की सुनवाई की। इस दौरान क्षेत्र के विभिन्न गांवों से पहुंचे लोगों ने अपनी-अपनी समस्याएं विधायक के समक्ष रखीं और उनके समाधान की मांग की। जनसुनवाई में गुड़िया, रतनपुरा, नगराना तथा बोला वाली सहित आसपास की ढाणियों से आए ग्रामीणों ने विधायक को क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं से अवगत कराया। ग्रामीणों ने बताया कि कई ढाणियों में अब तक विद्युत कनेक्शन उपलब्ध नहीं हो पाए हैं, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने इन ढाणियों में शीघ्र बिजली कनेक्शन उपलब्ध करवाने की मांग रखी। इसके अलावा कुछ ग्रामीणों ने गांवों में युवाओं और बच्चों के लिए खेल मैदान विकसित करने हेतु बजट उपलब्ध करवाने की मांग भी विधायक के समक्ष रखी। ग्रामीणों का कहना था कि खेल मैदान बनने से युवाओं को खेलकूद की सुविधाएं मिलेंगी और वे नशे जैसी बुराइयों से दूर रह सकेंगे। विधायक अभिमन्यु पुनिया ने ग्रामीणों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के माध्यम से उनके समाधान का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के विकास और आमजन की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता है। ग्रामीणों की समस्याओं को चरणबद्ध तरीके से हल करने के लिए हर संभव प्रयास किया जाएगा। जनसुनवाई के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे और उन्होंने विधायक के समक्ष अपनी समस्याएं रखीं। विधायक ने सभी को भरोसा दिलाया कि जनता की सुविधाओं और क्षेत्र के विकास के लिए निरंतर प्रयास जारी रहेंगे।
