
हनुमानगढ़। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निर्देशानुसार जिला कांग्रेस कमेटी के बैनर तले कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने शनिवार को अरावली बचाओ जन जागरण अभियान को लेकर जिला मुख्यालय पर पैदल मार्च निकाला। जंक्शन के डॉ. भीमराव अम्बेडकर चौक से शुरू हुई पदयात्रा जिला कलक्ट्रेट के समक्ष पहुंचकर सम्पन्न हुई। यहां कार्यकर्ताओं की ओर से प्रदर्शन किया गया। पदयात्रा में डीसीसी अध्यक्ष मनीष मक्कासर के नेतृत्व में जिले भर के कार्यकर्ता, पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि शामिल हुए। कार्यकर्ताओं ने पैदल मार्च करते हुए सरकार से अरावली के संरक्षण के लिए ठोस नीति लागू करने की मांग की।

डीसीसी अध्यक्ष मनीष मक्कासर ने आरोप लगाया कि केन्द्र सरकार षड्यंत्रपूर्वक अरावली पर्वतमाला की गलत परिभाषा प्रस्तुत कर राजस्थान की जीवनरेखा कही जाने वाली अरावली को खनन माफियाओं के हवाले करने का प्रयास कर रही है। साथ ही, यूपीए सरकार की ओर से गरीबों को रोजगार का अधिकार देने वाले मनरेगा कानून में बदलाव कर रोजगार की गारंटी छीनी जा रही है। अरावली न केवल राजस्थान बल्कि पूरे उत्तर भारत के पर्यावरण संतुलन के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है, और इसके संरक्षण के लिए सख्त कदम उठाना आवश्यक है। उन्होंने बताया कि अरावली पर्वतमाला को बचाने के लिए केन्द्र एवं प्रदेश की भाजपा सरकार के खिलाफ व्यापक जन-आंदोलन चलाने का निर्णय लिया हुआ है। इस जन जागरण अभियान का उद्देश्य अरावली पर्वतमाला में हो रहे अवैध खनन, पर्यावरण क्षरण और हरित क्षेत्र को हो रहे नुकसान के प्रति आमजन को जागरूक करना है। नोहर विधायक अमित चाचाण ने कहा कि अरावली पर्वतमाला केवल पहाड़ नहीं, यह हमारी जल, जंगल, जमीन और जीवन की सुरक्षा कवच है। अरावली बचेगी तभी पर्यावरण बचेगा, हमारा भविष्य बचेगा और प्रकृति बचेगी।

लेकिन भारतीय जनता पार्टी की सरकार उस अरावली को भी खनन माफिया को सौंपने जा रही है। इससे अंधाधुंध दोहन से हमारी प्रकृति को नुकसान होगा। मनरेगा कानून में बदलाव के मुद्दे पर चाचाण ने कहा कि भाजपा नहीं चाहती कि गरीबों-किसानों को मजबूत किया जाए। उसी के तहत मनरेगा कानून में बदलाव किया गया है। महात्मा गांधी का नाम तो हटाया ही है, कानून को कमजोर करने का काम भी किया गया है। केन्द्र की तानाशाह सरकार तमाम राज्य सरकारों को कमजोर करने का काम कर रही है। लेकिन इसके खिलाफ कांग्रेस पार्टी के नेता व कार्यकर्ता एकजुटता के साथ सड़कों पर उतरे हैं जो इस तानाशाह सरकार को जवाब देंगे। इस मौके पर जिला कांग्रेस कमेटी के पूर्व अध्यक्ष सुरेन्द्र दादरी, पूर्व विधायक सुरेश चौधरी, रामेश्वर चांवरिया, पूर्व पार्षद गुरदीप चहल, प्रेमराज नायक, मनमोहन सोनी, अजीत बेनीवाल, मालचंद राजपुरोहित, अमित गोदारा, बालचंद ज्याणी, जगदीश राठौड़, करणी राठौड़, मनोज सैनी, मनोज बड़सीवाल, जयराम ढुकिया, सुभाष घोटिया, मोहम्मद हुसैन खोखर, अमर सिंह सियाग, रामविलास चोयल, संदीप सिद्धू, शेर सिंह गोस्वामी, विजय गोंद, सुधीर गोदारा, शाहरुख खान, रोहित स्वामी, बंसीलाल, खुशी अमलानी, रणवीर लोहरा, विकास रांगेरा, यश चिलाना, आशीष बिश्नोई, जयपाल गिरी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।
