रीवा। जिले में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक 60 वर्षीय महिला की बेरहमी से हत्या कर दी गई और आरोपियों ने उनका सिर धड़ से अलग कर अपने साथ ले गए। घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है। पुलिस फिलहाल मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और आसपास के इलाके में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है। जानकारी के अनुसार मामला बिछिया थाना क्षेत्र के लोही गांव का है। सोमवार को गांव के लोगों ने घर के पीछे एक महिला का क्षत-विक्षत शव पड़ा देखा, जिसके बाद तुरंत परिजनों और पुलिस को सूचना दी गई। मृतक की पहचान लीलावती पटेल (60) के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि लीलावती पटेल घर में अकेली रहती थीं। घटना की सूचना मिलते ही उनकी बेटी नीता पटेल मौके पर पहुंचीं। उन्होंने बताया कि उनकी मां की बेहद क्रूर तरीके से हत्या की गई है। शरीर पर कई जगह गहरे घाव के निशान हैं और उनका सिर धड़ से अलग है, जिसे आरोपी अपने साथ ले गए हैं। नीता पटेल ने कहा कि उनकी मां की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी, इसलिए हत्या के पीछे की वजह समझ में नहीं आ रही है। उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।

वारदात की सूचना मिलते ही बिछिया थाना पुलिस और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। इसके साथ ही घटनास्थल और आसपास के इलाके में गहन जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने घटनास्थल से साक्ष्य जुटाने के साथ ही आसपास रहने वाले लोगों से पूछताछ भी शुरू कर दी है। रीवा के पुलिस अधीक्षक शैलेन्द्र सिंह चौहान ने बताया कि फिलहाल किसी भी आरोपी को हिरासत में नहीं लिया गया है। महिला का सिर अब तक बरामद नहीं हो सका है, इसलिए पुलिस ने डॉग स्क्वॉड की टीम को भी जांच में लगाया है। करीब दो किलोमीटर के दायरे में सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है, ताकि महिला का सिर और वारदात से जुड़े अन्य सुराग मिल सकें। पुलिस का कहना है कि हत्या के पीछे की वजह का अभी खुलासा नहीं हो पाया है। हालांकि सभी संभावित एंगल को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। पुलिस टीम आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ ही संदिग्ध लोगों की गतिविधियों पर भी नजर रख रही है। इस सनसनीखेज वारदात के बाद लोही गांव और आसपास के इलाके में दहशत का माहौल है। ग्रामीण भी घटना को लेकर काफी चिंतित हैं और जल्द से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। पुलिस का दावा है कि जांच के आधार पर जल्द ही इस मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
