टिब्बी। कस्बे के डॉ. अंबेडकर भवन स्थित लाइब्रेरी में मंगलवार को संविधान निर्माता बी. आर. अंबेडकर की 14 अप्रैल को मनाई जाने वाली जयंती की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता डॉ. अंबेडकर नवयुवक संघ के अध्यक्ष एडवोकेट अमर सिंह बादड़ा ने की, जिसमें जयंती समारोह को भव्य रूप से मनाने के लिए विस्तृत रूपरेखा तैयार की गई। बैठक में निर्णय लिया गया कि 14 अप्रैल की शाम को स्थानीय डॉ. अंबेडकर भवन में भव्य कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम में बाबा साहेब के जीवन दर्शन और विचारों पर आधारित विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दी जाएंगी, जिससे युवाओं को उनके आदर्शों से प्रेरणा मिल सके। समारोह का मुख्य आकर्षण प्रतिभा सम्मान समारोह रहेगा। इसमें बोर्ड परीक्षाओं में 80 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त करने वाले छात्र-छात्राओं तथा सरकारी सेवाओं में चयनित हुई प्रतिभाओं को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया जाएगा। बैठक में महेंद्र बारुपाल, चिरंजीवी लाल, ओमप्रकाश वर्मा, बलवीर सिंह मिस्त्री, पूर्व पार्षद शिव कुमार, पूर्व पालिकाध्यक्ष प्रतिनिधि कुलवंत सुथार, मांगीलाल, दलिप बीरट, भूपेंद्र कुमार सर्वटा और अमर सिंह बीरट सहित समाज के कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने जयंती समारोह को धूमधाम से मनाने का संकल्प लिया।
संवाददाता- प्रभु राम
