हनुमानगढ़। बीकानेर में 26 से 28 मार्च तक आयोजित 19वीं राज्य स्तरीय जूनियर वुशू प्रतियोगिता में हनुमानगढ़ जिले के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रदेश स्तर पर दूसरा स्थान हासिल कर जिले का नाम रोशन किया। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि से जिले में खुशी का माहौल है। प्रतियोगिता में हनुमानगढ़ के खिलाड़ी दक्ष सहारण, आशु, कर्मवीर और दिव्या ने स्वर्ण पदक जीतकर जिले को गौरवान्वित किया। वहीं मनीष कुमार और पारस कुमार ने रजत पदक प्राप्त किया। इसके अलावा संदीप, हर्षित, हरमन कौर और योगिता ने कांस्य पदक जीतकर टीम की सफलता में महत्वपूर्ण योगदान दिया। प्रतियोगिता की विशेष उपलब्धि के रूप में 48 किलोग्राम भार वर्ग में आशु को पूरे राजस्थान का बेस्ट प्लेयर अवार्ड प्रदान किया गया, जो जिले के लिए गर्व का विषय है। प्रतियोगिता से लौटने पर हनुमानगढ़ के राजीव गांधी स्टेडियम में विजेता खिलाड़ियों का भव्य स्वागत किया गया। इस अवसर पर भाजपा जिला अध्यक्ष प्रमोद डेलू, मुख्य अतिथि अमित साहू, जिला खेल अधिकारी शमशेर सिंह, भाजपा नेता ओम सोनी, पूर्व पार्षद हिमांशु महर्षि, राज्य कर अधिकारी नितिन चुघ, कोच इकबाल सिंह, ओम सेन, देवेन्द्र पुनिया और जगतार सिंह सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान वक्ताओं ने खिलाड़ियों की मेहनत और समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि सीमित संसाधनों के बावजूद हनुमानगढ़ के खिलाड़ियों ने जो उपलब्धि हासिल की है, वह अन्य युवाओं के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने भविष्य में भी खिलाड़ियों से बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताते हुए हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। इस अवसर पर कोच शंकर सिंह नरूका, एडवोकेट राजीव चौधरी, राजेश खीचड़, अनिल सिहाग, विकास शर्मा, दिलीप रोहिल्ला, सोनू सेन सहित जिला स्टेडियम के कोच व खेल प्रेमी भी मौजूद रहे। कार्यक्रम का संचालन जिला वुशू संघ के संयोजक हेमन्त गोयल ने किया तथा अंत में सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया।
