नोहर। नए शैक्षिक सत्र 2026-27 के शुभारंभ के अवसर पर बुधवार को मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी कार्यालय नोहर में विधि-विधान से शैक्षिक यज्ञ का आयोजन किया गया। इस आयोजन का उद्देश्य ब्लॉक क्षेत्र के सभी विद्यार्थियों की शैक्षिक उन्नति, प्रगति और उज्ज्वल भविष्य की कामना करना रहा। कार्यक्रम का आयोजन मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी विनोद कुमार बेनीवाल की प्रेरणा से किया गया। यज्ञ में शिक्षा विभाग के समस्त कार्मिकों ने भाग लेकर शिक्षा क्षेत्र में उत्कृष्ट परिणामों के लिए सामूहिक प्रार्थना की। यज्ञ का संचालन रायसिंहपूरा स्थित संस्कृत विद्यालय के प्रधानाचार्य शास्त्री विजयपाल मारोठिया ने वैदिक मंत्रोच्चार के साथ विधिवत संपन्न कराया। यज्ञ के दौरान पूरे परिसर में श्रद्धा, आस्था और सकारात्मक ऊर्जा का वातावरण देखने को मिला। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि गत शैक्षिक सत्र में ब्लॉक क्षेत्र के विद्यार्थियों ने शिक्षा, खेल तथा सांस्कृतिक गतिविधियों में उल्लेखनीय प्रदर्शन करते हुए जिला और राज्य स्तर पर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि नए सत्र में भी विद्यार्थी इसी प्रकार उत्कृष्ट उपलब्धियां हासिल कर नोहर का नाम रोशन करेंगे। कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित अधिकारियों व कर्मचारियों ने संकल्प लिया कि नए शैक्षिक सत्र में ब्लॉक के सभी विद्यालय, संस्था प्रधान और विद्यार्थी बेहतर परिणाम प्राप्त कर जिले, राज्य और देश स्तर पर नोहर की पहचान को और मजबूत करेंगे।
संवाददाता- संतोष कंकर
