नोहर। नोहर विधायक अमित चाचाण ने विधानसभा क्षेत्र में हाल ही में हुई ओलावृष्टि से किसानों की फसलों को हुए नुकसान को लेकर राज्य सरकार से विशेष सर्वे करवाकर किसानों को मुआवजा दिलाने की मांग की है। इस संबंध में विधायक ने मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा को पत्र भेजकर प्रभावित किसानों को राहत दिलाने का आग्रह किया है। विधायक अमित चाचाण ने अपने पत्र में बताया कि नोहर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में हाल ही में हुई ओलावृष्टि के कारण किसानों की गेहूं, सरसों सहित अन्य रबी फसलों को भारी नुकसान हुआ है। कई स्थानों पर फसलें पूरी तरह से नष्ट हो गई हैं, जिससे क्षेत्र के किसानों की आर्थिक स्थिति काफी दयनीय हो गई है। उन्होंने मुख्यमंत्री से अनुरोध किया है कि प्रभावित क्षेत्रों का शीघ्र विशेष सर्वेक्षण करवाया जाए और नुकसान का आकलन कर किसानों को उचित मुआवजा प्रदान किया जाए, ताकि इस संकट की घड़ी में किसानों को राहत मिल सके। विधायक ने पत्र में यह भी कहा कि भविष्य में इस प्रकार की प्राकृतिक आपदाओं से निपटने के लिए भी आवश्यक कदम उठाए जाएं, जिससे किसानों को समय पर सहायता मिल सके और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो सके।

