हनुमानगढ़। अज्ञात पिकअप वाहन की टक्कर से एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। पीलीबंगा थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार पंडितांवाली निवासी कालूराम (60) पुत्र बुधराम मेघवाल ने रिपोर्ट दी कि 30 मार्च को दोपहर करीब 12.30 बजे उसका पुत्र चेतराम मोटर साइकिल नम्बर आरजे 31 एसवी 3416 पर सवार होकर पीलीबंगा मंडी से अपने गांव लौट रहा था। जब वह कालीबंगा कैंची से करीब दो किलोमीटर आगे हरीओम पेट्रोल पंप के पास पहुंचा, तभी एक अज्ञात पिकअप चालक ने तेज गति व लापरवाही से वाहन चलाते हुए मोटर साइकिल को टक्कर मार दी। हादसे में चेतराम मोटर साइकिल सहित गिर गया और उसके पैर में गंभीर चोटें आईं। मौके पर पहुंची टोल नाका एंबुलेंस से उसे सरकारी अस्पताल पीलीबंगा में भर्ती करवाया गया। बाद में हालत गंभीर होने पर उसे हनुमानगढ़ टाउन और फिर बीकानेर रैफर किया गया, जहां से उसे श्रीगंगानगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच सहायक उप निरीक्षक मदनलाल को सौंपी है।
