बीकानेर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष एवं राज्यसभा सांसद मदन राठौड़ 11 अप्रैल को बीकानेर के दौरे पर रहेंगे। दौरे के दौरान वे संगठनात्मक गतिविधियों को गति देने, कार्यकर्ताओं से संवाद करने तथा सामाजिक कार्यक्रमों में भाग लेने के लिए विभिन्न बैठकों और आयोजनों में शामिल होंगे। भाजपा देहात जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया ने बताया कि प्रदेशाध्यक्ष राठौड़ सुबह 7:55 बजे ट्रेन से बीकानेर पहुंचेंगे और सर्किट हाउस में विश्राम करेंगे। इसके बाद सुबह 11 बजे भाजपा बीकानेर शहर की संगठनात्मक बैठक को संबोधित करेंगे। वहीं दोपहर 2 बजे भाजपा बीकानेर देहात की बैठक आयोजित होगी, जिसमें देहात क्षेत्र के पदाधिकारी और कार्यकर्ता भाग लेंगे। दोनों बैठकों में पार्टी की वर्तमान गतिविधियों, आगामी कार्यक्रमों तथा संगठन को और मजबूत बनाने को लेकर चर्चा की जाएगी। जिला मीडिया संयोजक मनीष सोनी के अनुसार प्रदेशाध्यक्ष राठौड़ शाम 5 बजे महात्मा ज्योतिबा फूले जयंती के अवसर पर आयोजित सम्मान समारोह में भी शामिल होंगे और उनके आदर्शों तथा समाज सुधार में दिए गए योगदान को याद करेंगे। इसके बाद रात्रि 11:10 बजे वे ट्रेन से जयपुर के लिए प्रस्थान करेंगे। प्रदेशाध्यक्ष के प्रस्तावित दौरे को सफल और सुव्यवस्थित बनाने के लिए भाजपा बीकानेर संभाग कार्यालय में एक महत्वपूर्ण बैठक भी आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष श्याम पंचारिया ने की। इसमें कार्यक्रम की तैयारियों और व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई तथा पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के बीच जिम्मेदारियों का वितरण किया गया। श्याम पंचारिया ने कहा कि प्रदेशाध्यक्ष का यह दौरा संगठन के लिए बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने सभी कार्यकर्ताओं से अनुशासन और समर्पण के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान करते हुए कार्यक्रम को सफल बनाने की अपील की।
