हनुमानगढ़। आबकारी आयुक्त एवं जिला कलक्टर के निर्देशानुसार आबकारी विभाग की ओर से अवैध शराब के विरुद्ध दो दिवसीय संयुक्त अभियान चलाया गया। यह कार्रवाई उपायुक्त आबकारी निरोधक दल जोन बीकानेर के नेतृत्व में की गई, जिसमें जिले के विभिन्न क्षेत्रों में दबिश दी गई। अभियान के दौरान गंगागढ़, गंगाघाट, देबूघाट, मक्कासर, मक्कासर नहर, अमरपुरथेड़ी, सुरेशिया, चंदड़ा, नवां सहित अन्य स्थानों पर छापेमारी की गई। इस दौरान हथकढ़ शराब बनाने के लिए तैयार लगभग 9100 लीटर लाहन नष्ट किया गया तथा 17 कच्ची भट्ठियां तोड़ी गईं। इसके साथ ही 46 पव्वे देशी शराब एवं 3 लीटर हथकढ़ शराब भी बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान दो अभियोग दर्ज किए गए। जिला आबकारी अधिकारी संजीव पटावरी ने बताया कि जिले में अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री की रोकथाम के लिए लगातार छापेमारी एवं गश्त की जा रही है तथा यह अभियान आगे भी जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि चालू वित्तीय वर्ष में अब तक कुल 28 अभियोग दर्ज किए जा चुके हैं। इस संयुक्त कार्रवाई में उपायुक्त आबकारी निरोधक दल बीकानेर पोमाराम, हनुमानगढ़ प्रहराधिकारी अमर सिंह, भादरा प्रहराधिकारी विरेंद्र सिंह, नोहर प्रहराधिकारी कमल सिंह, हनुमानगढ़ जमादार हुसैन खान, संगरिया जमादार राजेंद्र कुमार सहित विभागीय जाप्ता शामिल रहा।
