श्रीगंगानगर। राजस्थान पुलिस ने गुरुवार को अपना 77वां स्थापना दिवस पूरे उत्साह और गरिमा के साथ मनाया। इस अवसर पर श्रीगंगानगर जिला पुलिस की ओर से रिजर्व पुलिस लाइन में भव्य परेड और सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें अनुशासन, समर्पण और कर्तव्यनिष्ठा की शानदार झलक देखने को मिली। समारोह के दौरान वर्ष 2025 में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 268 पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को विभिन्न सेवा चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। इनमें 47 को सर्वोत्तम सेवा चिन्ह, 87 को अति उत्तम सेवा चिन्ह और 134 को उत्तम सेवा चिन्ह से नवाजा गया। जिला पुलिस अधीक्षक हरी शंकर ने बताया कि 16 अप्रैल 1949 को स्थापित राजस्थान पुलिस आज 77 वर्ष पूरे कर 78वें वर्ष में प्रवेश कर रही है। पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार 14 से 16 अप्रैल तक जिले में विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनमें सुबह 7 बजे आयोजित भव्य परेड मुख्य आकर्षण रही।

परेड की सलामी एसपी हरी शंकर ने ली, जबकि परेड का नेतृत्व आरपीएस अधिकारी प्रियंका ने किया। जवानों ने मार्च पास्ट के दौरान उत्कृष्ट अनुशासन का प्रदर्शन कर सभी को प्रभावित किया। इस अवसर पर लालगढ़ जाटान के कॉन्स्टेबल सुखविंद्र सिंह को विशेष रूप से सम्मानित किया गया। उन्होंने सादा वर्दी में गांव-गांव जाकर नशा तस्करों के खिलाफ अभियान चलाते हुए एक वर्ष में करीब 150 से अधिक नशा सप्लायरों को पकड़ने में अहम भूमिका निभाई। समारोह के समापन पर रिजर्व पुलिस लाइन परिसर में पौधारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें अधिकारियों और जवानों ने पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक रघुवीर प्रसाद, रामेश्वरलाल (रायसिंहनगर), भंवरलाल (त्वरित अनुसंधान इकाई), नीलम चौधरी (महिला अपराध अन्वेषण सेल), आईपीएस प्रशिक्षु ज्ञानेद्र भारती सहित जिले के पुलिस अधिकारी, कर्मचारी, सेवानिवृत्त कर्मी और गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

