हनुमानगढ़। टाउन स्थित व्यापार मंडल पब्लिक स्कूल में बुधवार को पृथ्वी दिवस के मौके पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस दौरान विद्यालय में विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं, जिनमें भाषण प्रतियोगिता मुख्य आकर्षण रही। अंग्रेजी भाषण प्रतियोगिता में कक्षा 9-सी की रिया ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान प्राप्त किया, जबकि कक्षा 10-ए की अदिति द्वितीय स्थान पर रहीं। वहीं हिंदी भाषण प्रतियोगिता में कक्षा 9-सी के अवनीत ने प्रथम स्थान हासिल कर सभी को प्रभावित किया तथा कक्षा 10-ए की सविता ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। इसके अतिरिक्त स्वरचित कविता प्रतियोगिता में कक्षा 10-ए के मनन ने अपनी शानदार प्रस्तुति से सभी का मन मोह लिया। कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यार्थियों की ओर से वृक्षारोपण अभियान भी चलाया गया, जिसमें उन्होंने उत्साहपूर्वक हिस्सा लेते हुए पृथ्वी को बचाने और पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस मौके पर विद्यालय की प्राचार्या किरण राठौड़ ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए पर्यावरण के प्रति जिम्मेदार बनने की प्रेरणा दी। उन्होंने कहा कि पृथ्वी की सुरक्षा हम सभी का कर्तव्य है और इस प्रकार के आयोजन जागरूकता बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का समापन विजेताओं को सम्मानित करने एवं पर्यावरण संरक्षण की शपथ के साथ किया गया।
