हनुमानगढ़। श्री खुशाल दास विश्वविद्यालय के फैकल्टी ऑफ इंजीनियरिंग एंड टेक्नोलॉजी में मंगलवार को फ्रेशर पार्टी एवं फेयरवेल समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य नवप्रवेशी छात्र-छात्राओं का स्वागत करने के साथ-साथ अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं को सम्मानपूर्वक विदाई देना रहा। कार्यक्रम की शुरुआत नवागंतुक छात्र-छात्राओं के स्वागत से हुई, जहां सीनियर छात्र-छात्राओं ने गर्मजोशी से उनका अभिनंदन किया। इस दौरान नृत्य, गीत, नाट्य प्रस्तुतियों सहित विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने माहौल को जीवंत बना दिया। नए छात्र-छात्राओं ने मंच पर आकर अपना परिचय दिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया, जिससे उन्हें विश्वविद्यालय के माहौल से जुड़ने का अवसर मिला। फ्रेशर पार्टी में मिस्टर फ्रेशर और मिस फ्रेशर प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया, जिसमें प्रतिभागियों ने आत्मविश्वास और व्यक्तित्व का शानदार प्रदर्शन किया। विजेताओं को सम्मानित किया गया। इसके बाद फेयरवेल समारोह आयोजित हुआ, जो भावुक पलों से भरा रहा। अंतिम वर्ष के छात्र-छात्राओं ने अपने अनुभव साझा करते हुए विश्वविद्यालय के सुनहरे दिनों को याद किया। मिस्टर फेयरवेल और मिस फेयरवेलÓ का चयन भी किया गया, जिन्होंने अपनी प्रतिभा से सभी को प्रभावित किया। छात्र-छात्राओं को उनके शैक्षणिक योगदान और उपलब्धियों के लिए सम्मानित किया गया। इस मौके परश्री गुरु गोबिंद सिंह चैरिटेबल ट्रस्ट के अध्यक्ष बाबूलाल जुनेजा ने कहा कि ऐसे आयोजन छात्र-छात्राओं के व्यक्तित्व विकास और सामाजिक कौशल को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने शिक्षा के साथ नैतिक मूल्यों और अनुशासन के महत्व पर जोर दिया। डिप्टी मैनेजिंग डायरेक्टर पूजा जुनेजा ने कहा कि विश्वविद्यालय छात्र-छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है और इस प्रकार के कार्यक्रम आत्मविश्वास बढ़ाने में सहायक होते हैं। विभागाध्यक्ष डॉ. विनय भट्ट ने छात्र-छात्राओं को सफलता के लिए सकारात्मक सोच, अनुशासन और मेहनत अपनाने का संदेश दिया। कार्यक्रम के आयोजन में डॉ. कुलवंत सिंह, विक्रम मंगवाना, सुमित कुमार, मनोज जोशी, नितिन मीणा, मनमीत कौर, राजविंद्र सिंह, सूरज सिंह, जसवंत सिंह एवं संजीव सहित संकाय सदस्यों का विशेष योगदान रहा।
