हनुमानगढ़। रावतसर थाना क्षेत्र में मोटर साइकिल चोरी का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की रिपोर्ट पर मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार, अनिल कुमार (31) पुत्र मोहनलाल मिरासी निवासी चक 14 डीबीएल, ग्राम पंचायत डबली कलां पीएस तलवाड़ा झील ने रावतसर थाना में रिपोर्ट पेश की। रिपोर्ट में बताया कि वह मोटर साइकिल पर फेरी लगाकर सब्जी बेचने का कार्य करता है। एक जनवरी को सुबह करीब 9 बजे वह अपनी मोटर साइकिल नम्बर आरजे 18 एसएम 2731 लेकर सब्जी लेने के लिए सब्जी मंडी रावतसर आया था। वह अपनी मोटर साइकिल को साइड में खड़ी कर सब्जी लेने चला गया। करीब आधे घंटे बाद वापस आने पर मोटर साइकिल मौके पर नहीं मिली। उसने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं लगा। बाद में उसे जानकारी मिली कि उसकी मोटर साइकिल हनुमान पुत्र बृजलाल कुम्हार निवासी चक 4 आरडब्ल्यूएम तथा रवि सिंह पुत्र कुलवंत सिंह मजहबी निवासी वार्ड नम्बर 10, रावतसर ने मिलकर चोरी की थी। बताया गया है कि उक्त मोटर साइकिल को हनुमानगढ़ टाउन थाना पुलिस ने रवि सिंह के कब्जे से बरामद कर सीज कर लिया है। इस संबंध में रावतसर थाना पुलिस ने रिपोर्ट के आधार पर बीएनएस की धारा के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मामले की जांच एएसआई सुखवीर सिंह को सौंपी गई है।
