हनुमानगढ़। आमजन की परिवेदनाओं के निस्तारण को लेकर राज्य सरकार के निर्देशानुसार जिला कलेक्टर डॉ. खुशाल यादव ने गुरुवार को नववर्ष की पहली रात्रि में संगरिया के रतनपुरा ग्राम पंचायत में आयोजित रात्रि चौपाल में आमजन की परिवेदनाएं सुनी। रात्रि चौपाल में विभागों के अधिकारियों ने महत्वपूर्ण योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया। जिला कलेक्टर ने मौके पर ही अधिकारियों को परिवादों के त्वरित निस्तारण के निर्देश दिए। जिला कलेक्टर ने भी गुड सेमेरिटन, प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना के बारे में विस्तार से जानकारी दी।

जिला कलेक्टर ने सर्दी के मौसम में कोहरे के समय वाहन चलाते समय विशेष सावधानी बरतने की अपील की। इसके साथ ही उन्होंने गुड सेमरिटन का जिक्र करते हुए बताया कि दुर्घटना में घायल व्यक्ति को तुरंत अस्पताल पहुंचाने वाले भले व्यक्ति को राह—वीर योजना अंतर्गत 25 हजार रुपए और प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से स्मार्ट फोन का सावधानी से उपयोग करने, ओटीपी इत्यादि किसी से साझा नहीं करने तथा साईबर सुरक्षा अपनाने पर जोर दिया। रात्रि चौपाल में सिंचाई विभाग के खाले, पीएम किसान सम्मान निधि, रास्ते से ट्रांसफार्मर शिफ्ट करने, खेल मैदान की चारदिवारी को लेकर, थर्मल प्लांट की शिकायत इत्यादि को लेकर परिवाद सौंपे। कृषि विपणन विभाग में कार्यरत लाभार्थी राकेश कुमार ने गुड सेमेरिटन योजनांतर्गत दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने तथा इस योजना से आसानी से मिले लाभ के बारे में बताया। जिला कलेक्टर ने ग्राम पंचायत भवन में बनी लाइब्रेरी का निरीक्षण किया और अध्ययनरत छात्राओं से बातचीत की।

