हनुमानगढ़। राजस्थान स्कूल शिक्षा परिषद जयपुर से उपनिदेशक एवं जिला प्रभारी महेन्द्र गर्ग ने शनिवार को पीलीबंगा स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका छात्रावास का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने छात्रावास की व्यवस्थाओं को संतोषजनक पाया तथा बालिकाओं से संवाद कर उनकी दिनचर्या और सुविधाओं की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान महेन्द्र गर्ग ने छात्राओं से उनके दैनिक क्रियाकलाप, भोजन व्यवस्था, लाइब्रेरी में उपलब्ध पुस्तकों के अध्ययन, अभिभावकों से मुलाकात की प्रक्रिया, हेल्पलाइन नम्बर की जानकारी तथा स्वास्थ्य परीक्षण की स्थिति के बारे में बातचीत की। उन्होंने बालिकाओं को उत्साहित और आत्मविश्वास से भरपूर पाया। उपनिदेशक ने छात्रावास में बालिकाओं की सुविधाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने नोडल संस्था प्रधान एवं वार्डन को सभी आवासीय कमरों में मच्छरों से बचाव के लिए ऑल आउट और मॉस्किटो कॉइल की व्यवस्था करने, खेल गतिविधियों के लिए बैडमिंटन सामग्री उपलब्ध करवाने तथा आवश्यकता अनुसार नई चादरें उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने बालिकाओं को नियमित रूप से टेलीविजन पर समाचार देखने और सामान्य ज्ञान बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं को अनुशासन, शिक्षा और आत्मनिर्भरता का महत्व भी समझाया। निरीक्षण के समय मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी मधुबाला पूनिया, एसीबीईओ रजनीश गोदारा, जिला एमआईएस राजेंद्र सैनी, वार्डन बबीता चौधरी सहित अन्य अधिकारी एवं स्टाफ सदस्य मौजूद रहे।
