हनुमानगढ़। जिले में लगातार बढ़ रही भीषण गर्मी और 44 डिग्री तापमान के बीच आमजन को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से गुरुवार को जंक्शन बस स्टैंड परिसर में नगर परिषद की ओर से शरबत और ठंडे पानी की छबील लगाई गई। इस दौरान बस स्टैंड पर आने-जाने वाले यात्रियों और आमजन ने ठंडा पानी एवं शरबत पीकर गर्मी से राहत महसूस की। भीषण गर्मी के चलते बस स्टैंड पर यात्रियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में नगर परिषद की ओर से लगाए गए इस सेवा शिविर को आमजन ने सराहनीय पहल बताया। छबील में राहगीरों, यात्रियों, रिक्शा चालकों और बसों का इंतजार कर रहे लोगों को शरबत और ठंडा पानी वितरित किया गया। कार्यक्रम में नगर परिषद के एक्सईएन रामप्रसाद मीणा और शांति प्रकाश बिस्सा ने शिरकत की। उन्होंने कहा कि बढ़ती गर्मी को देखते हुए आमजन को राहत पहुंचाने के उद्देश्य से यह व्यवस्था की गई है। उन्होंने लोगों से गर्मी में सावधानी बरतने, अधिक पानी पीने और तेज धूप से बचने की अपील भी की। इस दौरान बड़ी संख्या में यात्रियों ने छबील का लाभ उठाया और नगर परिषद की इस पहल की सराहना की। उपस्थित यात्रियों ने कहा कि भीषण गर्मी के इस दौर में इस प्रकार के सेवा कार्य आमजन को राहत पहुंचाने में काफी मददगार साबित होते हैं।
