श्रीगंगानगर। जिले के सदर थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात पुलिस और पंजाब के कुख्यात गैंगस्टर शकील अंसारी के बीच मुठभेड़ हो गई। मुठभेड़ के दौरान गैंगस्टर के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे घायल अवस्था में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। जानकारी के अनुसार एजीटीएफ और सीआई रामविलास बिश्नोई से मिले इनपुट के आधार पर पुलिस को सूचना मिली थी कि पंजाब का हार्डकोर गैंगस्टर शकील अंसारी श्रीगंगानगर पहुंचा हुआ है।

सूचना मिलते ही एसपी हरिशंकर के निर्देश पर सदर थाना पुलिस ने 17 एमएल पठानवाला क्षेत्र सहित आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर दी। नाकाबंदी के दौरान संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया गया, तभी बदमाश ने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की, जिसमें हुई क्रॉस फायरिंग के दौरान शकील अंसारी के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे काबू कर लिया। मुठभेड़ के दौरान सदर थाना के कांस्टेबल कैलाश जाखड़ बाल-बाल बच गए।

पुलिस टीम में शामिल जवान मनफूल, सलीम, राधेश्याम और रघुवीर ने भी मौके पर मोर्चा संभाले रखा और कार्रवाई को सफल बनाया। पुलिस के अनुसार शकील अंसारी पंजाब का कुख्यात गैंगस्टर है और वह श्रीगंगानगर में किसी फायरिंग की वारदात को अंजाम देने की योजना से आया था। पुलिस की सतर्कता के चलते उसकी साजिश नाकाम हो गई। घटना की सूचना मिलते ही एसपी हरिशंकर सहित जिले के कई थानाधिकारी मौके पर पहुंचे। एहतियात के तौर पर घटनास्थल और जिला अस्पताल में भारी पुलिस बल तैनात किया गया है। गौरतलब है कि एसपी हरिशंकर के कार्यभार संभालने के बाद गैंगस्टरों के साथ यह तीसरी पुलिस मुठभेड़ बताई जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी हुई है और गैंगस्टर से पूछताछ की जा रही है।
