हनुमानगढ़। राज्य सरकार के सेवा, सुशासन और जनकल्याण को समर्पित सेवा शिविर शुक्रवार से जिलेभर में शुरू हुए। जिला कलेक्टर ने पीलीबंगा ब्लॉक के दुलमाना में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर तथा नगरपरिषद हनुमानगढ़ द्वारा में आयोजित शहरी सेवा शिविर का अवलोकन किया। जिले की विभिन्न ग्राम पंचायतों एवं नगरीय क्षेत्रों में आयोजित शिविरों के माध्यम से आमजन को विभिन्न सरकारी योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ एक ही स्थान पर उपलब्ध कराया जा रहा है।

जिला कलेक्टर ने दुलमाना में ग्राम सेवा शिविर तथा नगर परिषद द्वारा आयोजित शिविरों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। उन्होंने विभिन्न विभागों द्वारा उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की जानकारी ली तथा शिविर में पहुंचे लाभार्थियों से संवाद कर योजनाओं के तहत लाभ वितरित किए।

इस अवसर पर डॉ. यादव ने कहा कि राज्य सरकार के सेवा शिविर सेवा, सुशासन और जनकल्याण की भावना को साकार कर रहे हैं। इन शिविरों का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान करते हुए उन्हें सरकारी योजनाओं का लाभ उनके द्वार पर उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार आमजन के जीवन को सरल और सुगम बनाने के लिए प्रतिबद्ध है तथा यह सुनिश्चित किया जा रहा है कि पात्र व्यक्ति किसी भी योजना के लाभ से वंचित न रहे।

उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविरों में आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की समस्या का संवेदनशीलता के साथ समाधान किया जाए तथा सभी विभाग समन्वय बनाकर अधिकतम लोगों को लाभान्वित करें। उन्होंने कहा कि सेवा शिविर सरकार और जनता के बीच संवाद तथा विश्वास को मजबूत करने का प्रभावी माध्यम हैं।
