जयपुर। नीट पेपर लीक और भर्ती परीक्षाओं में कथित अनियमितताओं के विरोध में मंगलवार को जयपुर में एनएसयूआई ने ‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत पैदल विरोध मार्च निकाला। गुर्जर की थड़ी चौराहे से शुरू हुआ मार्च त्रिवेणी नगर चौराहे तक पहुंचा। इसमें कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़, कांग्रेस विधायक रफीक खान समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। प्रदर्शन के दौरान केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की गई और भर्ती परीक्षाओं में कथित धांधली, पेपर लीक तथा छात्रों की विभिन्न मांगों को लेकर विरोध जताया गया। कार्यकर्ताओं ने हाथों में तख्तियां और बैनर लेकर प्रदर्शन किया तथा प्रतीकात्मक शव यात्रा भी निकाली। नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने आरोप लगाया कि लगातार सामने आ रही परीक्षा अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं से लाखों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार युवाओं से किए गए वादों को पूरा करने में विफल रही है। जूली ने इन घटनाओं की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान से इस्तीफे की मांग की। उन्होंने कहा कि छात्रों की समस्याओं के समाधान और निष्पक्ष भर्ती प्रक्रिया सुनिश्चित करने के लिए यह पैदल मार्च निकाला गया। कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा ने भी प्रदर्शन में शामिल होकर केंद्र सरकार पर युवाओं के हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया और कहा कि छात्रों के भविष्य के साथ किसी भी तरह का खिलवाड़ स्वीकार नहीं किया जाएगा। कांग्रेस विधायक रफीक खान ने कहा कि जयपुर से उठी छात्रों की आवाज दिल्ली तक पहुंचेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे देश में भर्ती परीक्षाओं में अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाएं युवाओं के भविष्य को प्रभावित कर रही हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस छात्रों की जायज मांगों के समर्थन में उनके साथ खड़ी है। एनएसयूआई के राष्ट्रीय अध्यक्ष विनोद जाखड़ ने कहा कि संगठन देशभर में छात्रों और युवाओं की आवाज बनकर आंदोलन कर रहा है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि सरकार ने छात्रों की मांगों पर जल्द सकारात्मक निर्णय नहीं लिया तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया, पेपर लीक पर सख्त कार्रवाई और युवाओं के भविष्य की सुरक्षा की मांग दोहराई। विरोध मार्च के कारण रिद्धि-सिद्धि चौराहे से त्रिवेणी नगर तक कुछ समय के लिए यातायात प्रभावित रहा। बड़ी संख्या में प्रदर्शनकारियों के सड़क पर पहुंचने से जाम की स्थिति बनी, जिससे वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस ने यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए वैकल्पिक व्यवस्थाएं कीं। प्रदर्शन समाप्त होने के बाद यातायात सामान्य हो गया।
