जयपुर। भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड़ ने कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि उनके शिक्षा मंत्री रहते हुए शिक्षकों के तबादलों में भ्रष्टाचार होता था। उन्होंने कहा कि तत्कालीन मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भी डोटासरा की मौजूदगी में शिक्षकों से पूछा था कि क्या तबादलों में पैसे लिए जा रहे हैं, जिस पर शिक्षकों ने खड़े होकर भ्रष्टाचार होने की बात कही थी। प्रदेश भाजपा कार्यालय में गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत में राठौड़ ने कहा कि “जो व्यक्ति जैसा होता है, वह दूसरों के बारे में भी वैसा ही सोचता है। डोटासरा को लगता होगा कि उनके समय की तरह भाजपा सरकार में भी पैसे लेकर तबादले होते होंगे, लेकिन हमारी सरकार में ऐसा नहीं है। यहां पूरी पारदर्शिता के साथ जरूरतमंदों के कार्य किए जा रहे हैं।” उन्होंने कहा कि यह सही है कि सभी लोगों के काम एक साथ नहीं हो पाते, लेकिन सरकार की पूरी कोशिश रहती है कि शिक्षकों सहित सभी वर्गों की समस्याओं का समाधान किया जाए।
कांग्रेस पर साधा निशाना
मदन राठौड़ ने कहा कि भाजपा संविधान का सम्मान करने वाली पार्टी है और आम नागरिकों के मौलिक अधिकारों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने दावा किया कि राज्य में कानून-व्यवस्था मजबूत है और विकास कार्य तेजी से हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार कांग्रेस की तरह आंतरिक खींचतान का शिकार नहीं है, बल्कि व्यवस्थित तरीके से शासन चला रही है।
आरएसएस पर दिया बयान
आरएसएस को लेकर डोटासरा की टिप्पणियों पर प्रतिक्रिया देते हुए राठौड़ ने कहा कि राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ एक सामाजिक और सांस्कृतिक संगठन है, जो राष्ट्रहित में चरित्रवान नागरिक तैयार करने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि यदि डोटासरा चाहें तो एक बार आरएसएस जाकर वहां की कार्यप्रणाली देख सकते हैं। राठौड़ ने यह भी कहा कि महात्मा गांधी भी आरएसएस के एक कार्यक्रम में गए थे और वहां की व्यवस्था की सराहना की थी।
पंचायत-निकाय चुनाव के लिए भाजपा तैयार
पंचायत और निकाय चुनावों को लेकर पूछे गए सवाल पर भाजपा प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि पार्टी पूरी तरह चुनाव के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि भाजपा न्यायालय का सम्मान करती है और अदालत की अवमानना में विश्वास नहीं रखती। चुनाव से भागने के आरोपों को खारिज करते हुए राठौड़ ने कहा कि अब तक हुए उपचुनावों में भाजपा ने लगभग 85 प्रतिशत सीटों पर जीत हासिल की है, जो जनता के विश्वास का प्रमाण है।
